Home देश BRICS Summit – भारत और चीन बड़ी ‘वैश्विक भूमिका’ निभाएं… पीएम मोदी...

BRICS Summit – भारत और चीन बड़ी ‘वैश्विक भूमिका’ निभाएं… पीएम मोदी से मुलाकात में बोले शी जिनपिंग

11
0
BRICS Summit 2026 LIVE – ब्रिक्स समिट में भारत को बड़ी सफलता मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत मंडपम में चल रहे दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स संयुक्त घोषणापत्र 2026 को पूरी सहमति के साथ अपना लिया गया है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से अपनाया गया और किसी भी सदस्य ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई. उन्होंने ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दो डाक टिकट भी जारी किए.
इससे पहले ब्रिक्स समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आप सभी का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है. भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता लोगों पर केंद्रित और मानवता को प्राथमिकता देने वाले नज़रिए पर आधारित है. मज़बूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी हमारी प्राथमिकताएं रही हैं. इन्हीं प्राथमिकताओं के साथ, हमने ब्रिक्स की अध्यक्षता को आम लोगों से जोड़ने पर खास ज़ोर दिया है.’
इस ब्रिक्स समिट में बदलती दुनिया का नेतृत्‍व करने वाले देश शामिल हो रहे हैं, ऐसे में अमेरिका और यूरोप की नजरें इस सम्‍मेलन पर टिकी हुई हैं. भारत के साथ ही रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन और चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग ने भी इसमें हिस्‍सा लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच भी इस दौरान द्विपक्षीय वार्ता हुई.
इससे पहले पीएम मोदी और रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को बातचीत हुई थी. इसके अलावा पीएम मोदी का अन्‍य देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्षों से भी मुलाकात की योजना है. इससे पहले 11 सितंबर को ब्रिक्‍स बिजनेस फोरम का कार्यक्रम था. इसमें भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सेक्रेटरी पेट्र सिजोव, ईरान इंश्योरर्स सिंडिकेट के महमूद असद समानी, रूस की जीएसबीआई लिमिटेड के संस्थापक और सीईओ एलेक्जेंडर कोकोव और बाकरी ग्रुप के सीईओ अनिंद्या नोवयान बाकरी ने संबोधित किया. इसमें ब्रिक्स लीडर के भाषण और होर्मुज स्ट्रेट में अस्थिरता के बीच इंश्योरेंस प्रीमियम में बढ़ोतरी पर चर्चा हुई.
भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सचिव पेट्र सिजोव ने कहा, ‘ब्रिक्स फोरम अभी सिर्फ एक प्री-फंक्शन था. अभी यह एक अच्छी परंपरा बन गई है, लेकिन मुख्य कार्यक्रम निश्चित रूप से शनिवार से शुरू होंगे. हम यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं कि मेजबान के रूप में भारत शनिवार की बैठकों का आयोजन कैसे करेगा.’ भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों पर भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सचिव ने कहा कि हमें इस बात की बहुत खुशी है कि व्यापार बढ़ रहा है. जैसा कि आप जानते हैं, समझौते भी बढ़ रहे हैं. इन दो हफ्तों के भीतर यह हमारे दोनों नेताओं के बीच दूसरी मुलाकात है. बिश्केक में हुई बैठक काफी फलदायी रही थी और उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. होर्मुज स्ट्रेट में अस्थिरता के कारण बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी पर ईरान इंश्योरर्स सिंडिकेट के महमूद असद समानी ने कहा, ‘निश्चित रूप से इस तरह की घटनाओं से समुद्र और स्ट्रेट से जहाजों के गुजरने का जोखिम बढ़ जाता है जैसे कि आपने होर्मुज स्ट्रेट का जिक्र किया. एक बीमा विशेषज्ञ के तौर पर मैं आपको बता सकता हूं कि अभी जोखिम ज्यादा है. इसलिए ज्यादा प्रीमियम वसूला जाना जरूरी है.’
भारत-चीन संबंधों में नई गर्माहट
भारत और चीन के रिश्तों में लगातार सुधार के संकेत मिल रहे हैं. भारत में चीन के राजदूत शू फ़ेइहोंग ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी है कि दोनों देश राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारी कर रहे हैं. चीनी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, ‘चीन और भारत राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारी कर रहे हैं. कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे.’ शू फेइहोंग ने आगे कहा कि चीन दोनों नेताओं के रणनीतिक निर्देशों पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत और सहयोग बढ़ाने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने, और अच्छे पड़ोसी व एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर दोस्ती निभाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा.