रायपुर – राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात जर्जर इमारत का सामने वाला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के दौरान आसपास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इमारत का हिस्सा गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है जर्जर इमारत
जानकारी के मुताबिक, यह जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है। भवन के नीचे पान की दुकान भी संचालित होती है। इमारत का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सदर बाजार शहर का व्यस्त इलाका है और दिन के समय यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में देर रात इमारत का हिस्सा गिरना राहत की बात रही, क्योंकि घटना दिन में होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
नगर निगम ने पहले ही जारी किया था नोटिस
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित भवन काफी जर्जर स्थिति में था। नगर निगम की ओर से भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।
घटना के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास के इलाके को सुरक्षित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
CM साय ने दो दिन पहले दिए थे जर्जर भवनों पर कार्रवाई के निर्देश
घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद दो दिन पहले ही जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों को लेकर कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की थी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर भवनों की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि जोखिमपूर्ण भवनों की जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संभावित खतरों की पहचान कर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया था।
जर्जर हिस्से के पास तेज DJ बजाने से पुलिस ने किया मना
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से जर्जर भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के दौरान किसी अतिरिक्त खतरे की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरती जा रही है।
फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।
पहले नोटिस, फिर गिरा भवन का हिस्सा
इस घटना ने शहर में जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर ऐसे व्यस्त इलाकों में जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं, जर्जर भवनों की समय पर पहचान और कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।



