Home देश पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी के 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी,...

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी के 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, ममता के खिलाफ सुवेंदु अधिकारी को टिकट

14
0
बीजेपी की पहली लिस्ट में कुल 144 नाम हैं। सुवेंदु अधिकारी को दो सीट से टिकट दिया गया है। वह भबानीपुर और नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने 11 महिलाओं को भी चुनावी मैदान में उतारा है।

कोलकाता – पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई बड़े नेताओं को मैदान में उतारा गया है। खास बात यह है कि भाजपा ने इस बार नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।

बता दें, पिछली बार शुभेंदु को नंदीग्राम से टिकट मिला था। इसके बाद ममता ने नंदीग्राम से शुभेंदु के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान किया था। साथ ही ममता भवानीपुर से भी चुनावी मैदान में थी। नंदीग्राम में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। ममता नंदीग्राम से हार गई थींं। हालांकि भवानीपुर से वो जीत गईं थीं। इस बार भाजपा ने बड़ा दांव खेलते हुए शुभेंदु को भावनीपुर और नंदीग्राम दोनों से प्रत्याशी बनाया है।

अशोक डिंडा को फिर होंगे चुनावी मैदान में

क्रिकेटर अशोक डिंडा को भाजपा ने फिर से मोयना विधानसभा सीट से मौका दिया है। इससे पहले भी डिंडा को भाजपा ने मोयना विधासभा से ही टिकट दिया था और उन्होंने 1260 वोटों से जीत दर्ज की थी। भाजपा की इस सूची में कई प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है। पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर सीट से उम्मीदवार बनाया है। नीचे सूची में देखें, किसे कहां से टिकट मिला है

किन अन्य नेताओं को मिला टिकट?

भाजपा ने अपनी सूची में कई अन्य प्रमुख नेताओं को भी टिकट दिया है। पार्टी ने नेता अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता को रशबेहारी सीट से मैदान में उतारा गया है। कहा जा रहा है कि उम्मीदवारों का चयन स्थानीय समीकरण और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया गया है।

चुनाव कब होंगे और क्या है कार्यक्रम?

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला किया है। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि चुनाव को सरल और सुचारू बनाने के लिए चरणों की संख्या सीमित रखी गई है। पश्चिम बंगाल के साथ असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी चुनाव होंगे। इन सभी राज्यों के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।

पिछले चुनाव में क्या रहा था परिणाम?

पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की थी। पार्टी ने 215 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं, भाजपा ने 77 सीटें जीतकर मुख्य विपक्ष की भूमिका हासिल की थी। अब भाजपा 2026 के चुनाव में अपने प्रदर्शन को बेहतर करने की कोशिश में है और इसके लिए उसने मजबूत उम्मीदवारों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी की है।