Home छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग के गर्ल्स हॉस्टल में ‘हैवान’! कब थमेगा आदिवासी बच्चियों के...

बस्तर संभाग के गर्ल्स हॉस्टल में ‘हैवान’! कब थमेगा आदिवासी बच्चियों के साथ हैवानियत

11
0

जगदलपुर / रायपुर – छत्तीसगढ़ के सरकारी कन्या आश्रमों (पोटा केबिन) में पढ़ रही आदिवासी नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। इन आश्रमों में इस प्रकार के कृत्यों से यहां पर अध्ययनरत बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार पोल खुल रही है। सरकारी अमला ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने में पूरी तरह से फेल है। इन घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की बजाय लीपापोती किये जाने से वहशी दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। अब नया मामला यहां के पोटा केबिन छात्रावास से जुड़ा है। यहां की पढ़ने वाली तीन छात्राएं गर्भवती मिली हैं। मामला प्रकाश में आने पर शिक्षा और प्रशासनिक विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया जाता है कि गर्भवती तीन छात्राओं में से दो 12वीं की, तो एक 11वीं कक्षा में पढ़ रही हैं। दोनों छात्राएं बोर्ड की परीक्षा देने गई थीं, तो इस दौरान मामले का खुलासा हुआ। जांच पड़ताल में इस बात का खुलासा हुआ है कि तीनों छात्राएं करीब चार-पांच महीने से गर्भवती हैं। बड़ी बात यह है कि इनमें से दो छात्राएं नाबालिग हैं। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने इन छात्राओं के गर्भवती कार्ड भी बनाए थे। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी थी, तो छात्रावास प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को सूचना क्यों नहीं दी गई? दूसरी ओर छात्रावास की अधीक्षिका ने चर्चा में कहा कि यह घटना उनके कार्यकाल का नहीं है। संबंधित छात्राएं कई बार छात्रावास से अनुपस्थित रहती थीं, इसलिए उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

ये है मामले

दो महीने की गर्भवती मिली थी 14 साल की छात्रा
तीन अगस्त 2019 को  बस्तर जिला के मुख्यालय जगदलपुर के बालिका आवासीय विद्यालय में 14 साल की छात्रा दो महीने की गर्भवती मिली थी। नैमेड़ में अध्यनरत छात्रा जब उल्टी कर रही थी ,तब छात्रावास अधीक्षिका की नजर उस पर पड़ी। तब छात्रा ने अधीक्षिका को आपबीती सुनाई थी। छात्रा गर्मी की छुट्टी में अपने घर गई थी, तब उसके रिश्तेदार राजेश पोडिय़ाम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 376 व पास्को एक्ट के तहद मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था।

पहली क्लास की छात्रा के साथ दुष्कर्म
25 जुलाई 2023 को सुकमा जिले में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई थी। यहां के ‘पोटा केबिन’ स्कूल में पहली क्लास की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

छह साल की आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म
27 जुलाई 2023 को बस्तर संभाग के सुकमा जिले के एर्राबोर में कन्या आवासीय विद्यायल में छह साल की आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया था। इस वारदात के पांच दिन बाद अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। हैरान और चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला कोई और नहीं बल्कि कन्या आवासीय विद्यायल में चपरासी के पद पर तैनात महिला का पति ही निकला। पुलिस ने बच्ची से बलात्कार के आरोप में आवासीय विद्यालय के चपरासी के पति माडवी हिडमा उर्फ राजू को गिरफ्तार किया था।अमर उजाला से साभार