Home देश एलपीजी कीमतों के मुद्दे को सड़क तक ले जाएगी तृणमूल, ममता बनर्जी...

एलपीजी कीमतों के मुद्दे को सड़क तक ले जाएगी तृणमूल, ममता बनर्जी ने महिला इकाई को दिया आंदोलन का जिम्मा

19
0
घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गयी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एलपीजी की कीमतों के खिलाफ सड़कों पर उतरने के निर्देश दिये. दीदी ने केंद्र सरकार पर बिना तैयारी के कीमतें बढ़ाने और आम लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.

LPG Price Hike: घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी की महिला शाखा से कहा है कि वे एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ राज्यभर में सड़कों पर उतरें और प्रदर्शन करें.

शनिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम हटाये जाने के विरोध में चल रहे अपने धरने के दूसरे दिन ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महिला कार्यकर्ताओं से यह आह्वान किया.

महिला दिवस पर विरोध प्रदर्शन

वेस्ट बंगाल की चीफ मिनिस्टर ने कहा कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई राज्यभर में रैलियां और प्रदर्शन करेगी. उन्होंने राज्य मंत्री और महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य से इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने को कहा.

कल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है. मैं चंद्रिमा (राज्य मंत्री और तृणमूल की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य) से आग्रह करती हूं कि वे महिलाओं से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ रैलियां आयोजित करने को कहें. जरूरत पड़ने पर काले कपड़े पहनें. हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करेंगे. कल उन्होंने एलपीजी की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की. फिर उन्होंने गैस बुकिंग के लिए 21 दिन की ‘लॉक-इन’ समयसीमा लागू कर दी. लोगों का सिलेंडर खत्म हो जाये, तो वे क्या करेंगे?
ममता बनर्जी,मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

ममता बनर्जी ने महिलाओं से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की. कहा कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं काले कपड़े पहनकर भी विरोध जता सकती हैं.

बढ़ाने पर केंद्र पर साधा निशाना

ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपए की वृद्धि की है. ममता बनर्जी ने कहा कि गैस बुकिंग के लिए 21 दिन की लॉक-इन पीरियड लागू करने से भी उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है. उन्होंने पूछा किया कि अगर किसी परिवार का सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाये, तो वे क्या करेंगे.

केरोसिन कोटा घटाने पर भी उठाया सवाल

बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने केरोसिन का कोटा भी कम कर दिया है. उन्होंने कहा कि ऊर्जा से जुड़ी आवश्यकताओं को लेकर पहले से योजना बनानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.

मतदाता सूची का मुद्दा भी बनेगा आंदोलन का हिस्सा

ममता बनर्जी ने कहा कि महिला दिवस पर होने वाला विरोध प्रदर्शन केवल एलपीजी कीमतों तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें मतदाता सूची के SIR के दौरान हजारों महिलाओं के नाम हटाये जाने का मुद्दा भी उठाया जायेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कई विवाहित महिलाओं के नाम केवल इसलिए सूची से हटा दिये गये, क्योंकि शादी के बाद उनके उपनाम बदल गये.

राजनीतिक संदेश के साथ आंदोलन

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस एलपीजी की बढ़ती कीमतों और मतदाता सूची के मुद्दे को जनता से जुड़े सवालों के रूप में सामने लाकर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है. महिला दिवस पर होने वाला प्रदर्शन राज्य की राजनीति में नया राजनीतिक संदेश भी दे सकता है.