दुर्ग जिले में पुलिस ने पांच एकड़ से अधिक जमीन पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। मामले में भाजपा नेता सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस ने करीब आठ करोड़ रुपये की अफीम जब्त की है।
दुर्ग – जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा झेंझरी के बीच अवैध खेती में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार भी शामिल थे। 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अवैध अफीम के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने लगभग आठ करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत की अफीम जब्त कर ली है।
जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा झेंझरी के बीच स्थित एक बड़े भूभाग पर अवैध अफीम की खेती की जानकारी जब पुलिस को मिली तो एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस के अधिकारी जब मौके पर पहुंचे तो उनकी भी आंखें फटी की फटी रह गईं। पुलिस पहले अनुमान लगा रही थी कि एक एकड़ जमीन पर ही अफीम की खेती की जा रही है, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस खेतों की तरफ आगे बढ़ी तो पता चला कि एक नहीं बल्कि 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती की गई थी।

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल की पूरी जांच कराई गई है। जांच में पूरी जमीन निजी पाई गई है। कहीं भी सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं पाया गया। आरोपियों द्वारा 309 और 310 नंबर का रकबा मधुमती ताम्रकार और प्रीति बाला ताम्रकार के नाम पर है, जो विनायक ताम्रकार के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने अब गिरदावरी की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि जमीन के रिकॉर्ड में किस फसल का उल्लेख किया गया है।





