Home छत्तीसगढ़ काम की खबर – कल रविवार को बैंक खुलेंगे, 23 बैंकों की...

काम की खबर – कल रविवार को बैंक खुलेंगे, 23 बैंकों की 97 शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा, डिजिटल लेन-देन भी दौड़ेगा

16
0

रायपुर – केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने घोषणा की है कि ग्राहकों के लिए कल रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। यह निर्णय बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए लिया गया है।

इस लिहाज से कल रविवार को जिले के 23 बैंकों की 97 शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा। ग्राहक इन शाखाओं में पहुंचकर जरूरी बैंकिंग और लेन-देन से जुड़े काम निपटा सकेंगे।

एक बैंक अधिकारी के अनुसार प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज संचालित करने की व्यवस्था की गई है। जिले की 23 बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी रविवार को ग्राहकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। बैंक प्रबंधन ने तीन दिवसीय हड़ताल के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की है।

28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में सामान्य शाखा संचालन प्रभावित रहेगा। हड़ताल से पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद हैं। इसके बाद रविवार की छुट्टी और फिर सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की स्थिति बन रही थी। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ में रविवार को शाखाएं खोलकर ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अवसर दिया जा रहा है।

हड़ताल के दौरान सार्वजनिक बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ATM और UPI के जरिए डिजिटल लेन-देन जारी रखा जा सकेगा।