Home छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार: पत्रकारों से बदसलूकी और शिक्षक के नशे में स्कूल आने के...

बलौदाबाजार: पत्रकारों से बदसलूकी और शिक्षक के नशे में स्कूल आने के मामले में बड़ी कार्रवाई

34
0

बलौदाबाजार – पंडित चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल में हुए विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। पत्रकारों से कथित बदसलूकी और पूर्व छात्र को थप्पड़ मारने के मामले में प्रभारी प्राचार्या वंदनी श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह वरिष्ठ व्याख्याता निर्मला साहू को प्रभारी प्राचार्या बनाया गया है।

वहीं शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और विद्यार्थियों से गाली-गलौज के आरोपी शिक्षक नरेश तिवारी की मेडिकल जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर उनके निलंबन की अनुशंसा कर शिक्षा संचालनालय को पत्र भेजा गया है।

क्या था मामला?

शिक्षक नरेश तिवारी के नशे में स्कूल आने और छात्र-छात्राओं से अभद्र व्यवहार की शिकायत पर पत्रकार कवरेज के लिए स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि प्रभारी प्राचार्या वंदनी श्रीवास्तव ने पत्रकारों से बदसलूकी की और उन्हें कक्ष से बाहर जाने को कहा। इससे नाराज पत्रकारों ने संगठन के साथ स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी।

कलेक्टर के निर्देश पर जांच

मामले का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार गेंदले ने यह कार्रवाई की।बताया जा रहा है कि वंदनी श्रीवास्तव के खिलाफ पहले भी परीक्षा के दौरान केंद्राध्यक्ष का प्रभार सहायक को सौंपकर पिकनिक पर जाने का आरोप और वीडियो सामने आया था। वरिष्ठ व्याख्याताओं के रहते हुए भी उन्हें प्रभारी बनाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे थे।