रायपुर – महबूबनगर (हैदराबाद) से छत्तीसगढ़ के चांपा की ओर यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला के लिए रेल सफर यादगार बन गया, जब रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। वैनगंगा एक्सप्रेस के एस-2 कोच में सफर के दौरान महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुर्ग स्टेशन पार करने के बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन में तैनात टीटीई ईशांत शर्मा ने तुरंत वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय रायपुर को इसकी सूचना दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। भिलाई स्टेशन पार करने के कुछ ही समय बाद महिला ने ट्रेन में ही बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान कोच में मौजूद यात्रियों ने भी सहयोग करते हुए महिला की मदद की और मानवता की मिसाल पेश की।






