नई दिल्ली – ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भारतीय टीम के ओपनर शुभमन गिल एक बार फिर फ्लॉप रहे. शुभमन गिल 12 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने प्रदर्शन से शुभमन काफी निराश नजर आए. शुभमन को इस तरह रन बनाने के लिए संघर्ष करते देख उनके फैंस का दिल टूट गया है. ऐसा ही कुछ रिएक्शन भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर का भी था.
दरअसल सारा तेंदुलकर होबार्ट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच को देखने पहुंची थीं. भारतीय टीम की बल्लेबाजी में शुभमन गिल जैसे ही नाथन एलिस की गेंद पर एलबीडबल्यू करार दिए गए सारा तेंदुलकर का चेहरा उतर गया. शुभमन के विकेट पर अब सारा तेंदुलकर का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
शुभमन और सारा के रिलेशिनशिप के रहे हैं चर्चे
ऐसा पहली बार नहीं है जब सारा तेंदुलकर भारतीय टीम को सपोर्ट करने स्टेडियम में मैच देखने पहुंची हैं. हालांकि, जब-जब सारा मैच देखने पहुंची हैं शुभमन को लेकर उनकी चर्चा जरूर हुई है. ऐसा इसलिए है क्योंकि दोनों को लेकर ये कहा जाता था कि वे रिलेशनशिप में हैं, लेकिन सारा और शुभमन मे से किसी ने भी इस पर कभी कुछ नहीं बोला है. वहीं शुभमन गिल से जब उनके रिलेशनशिप को लेकर पूछा गया तो उन्होंने खुद को सिंगल बताया है. ऐसे में मीडिया में ये भी बातें आई थी कि सारा और शुभमन का ब्रेकअप हो गया है.
भारत ने 5 विकेट से जीता मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में बेशक शुभमन गिल बल्लेबाजी में नहीं चल पाए, लेकिन टीम इंडिया ने इस मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया. मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारने के बाद टिम डेविड और मार्कस स्टोइनिस की फिफ्टी से पहले बल्लेबाजी करते हुए 186 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भारतीय टीम ने वाशिंगटन सुंदर की 49 रनों की दमदार पारी से 18.6 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया.






