गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर तान दी थी पिस्तौल, बाल-बाल बची थी जान
0 कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; आरोपियों में दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

राजनांदगांव। शहर के स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर कार सवार युवक पर जानलेवा हमला करने व पिस्टल से फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, 2 नग कारतूस तथा 12 लाख रुपये की महिंद्रा XUV 700 कार जब्त कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गाली-गलौज के बाद पिस्टल से की थी फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अविनाश शेंदरे 27 सितंबर की रात दुर्ग से अपने दोस्तों के साथ कार से राजनांदगांव लौटा था। रात करीब 11 बजे स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर काले रंग की XUV कार में सवार विपिन जॉन्वेल्स व उसके साथियों ने “कार ठीक से चलाओ, यहां रोलबाजी कर रहे हो” कहते हुए अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर मुख्य आरोपी विपिन जॉन्वेल्स ने जान से मारने की नीयत से अपनी पिस्टल निकाल कर अविनाश पर तान दी और ट्रिगर दबा दिया। ऐन वक्त पर अविनाश के दोस्तों ने आरोपी का हाथ ऊपर की ओर झटक दिया, जिससे गोली हवा में चल गई और प्रार्थी की जान बाल-बाल बची। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने धारा 109(1), 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 6 अक्टूबर को चारों आरोपियों को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
1 विपिन जॉन्वेल्स (33 वर्ष), निवासी शांति नगर, वार्ड नं. 10, चिखली
2 अमन जेम्स (22 वर्ष), निवासी स्टेशन पारा, वार्ड नं. 08, चिखली
3 शेरोन जेम्स (24 वर्ष), निवासी टांकापारा, वार्ड नं. 15, कोतवाली
4 अफरोज खान (23 वर्ष), निवासी शांति नगर गली नं. 05, चिखली
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विपिन जॉन्वेल्स के खिलाफ कोतवाली थाने में मारपीट व धमकी का पुराना मामला दर्ज है, वहीं अमन जेम्स के खिलाफ भी थाना बसंतपुर में गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। जब्त पिस्टल को परीक्षण के लिए आर्मोरर के पास भेजा गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह, उप निरीक्षक सुमेंद्र कुमार खरे, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ द्विवेदी, संदीप चौहान तथा साइबर सेल से अविनाश, हरीश, मनीष और जीवन की सराहनीय भूमिका रही।




