Home देश ट्रेन, मेट्रो के बाद अब इंटरनेट भी बंद, नई दिल्ली के 4...

ट्रेन, मेट्रो के बाद अब इंटरनेट भी बंद, नई दिल्ली के 4 km दायरे में नहीं चलेगा नेट

28

नई दिल्ली – दिल्ली में कल शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया और राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. ट्रेनों, मेट्रो और नमो ट्रेन पर रोक लगाने के बाद अब नई दिल्ली क्षेत्र में इंटरनेट पर पाबंदी लगाई जा रही है.

नई दिल्ली में 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं आज रात से बंद कर दी जाएंगी. गृह मंत्रालय ने इस क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने की अपनी मंजूरी दे दी है. जनपथ- कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी.

आज रात से 24 घंटे के लिए बंद होगा इंटरनेट

गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद नई दिल्ली क्षेत्र में आज रात 10 बजे से कल 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी. मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. इस पाबंदी को लेकर दिल्ली पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश लागू करने के निर्देश दिए हैं.

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि दिल्ली में जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के 4 किलोमीटर के दायरे में आज रात 10 बजे से कल रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद जारी इस आदेश में टेलीकॉम ऑपरेटरों को टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 और संबंधित नियमों के तहत मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने का निर्देश दिया गया है.

CJP को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की मांग खारिज कर दी है. इस बीच केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आज शुक्रवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को पत्र लिखकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.

25 हजार सुरक्षाकर्मी, 57 मेट्रो स्टेशन बंद

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं जिसके तहत 25 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही राजधानी में 57 मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है. इसके अलावा सीमावर्ती स्थलों, बस टर्मिनल, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच भी की जा रही है.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का मकसद प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर अनधिकृत धरना देने से रोकना और शहर भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियों को लगाए जाने की संभावना है. साथ ही एहतियातन दिल्ली भर में शराब की दुकानें आज और कल दोनों दिन बंद रखने का आदेश दिया गया है.

दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय और पटेल चौक समेत 57 दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार आज रात 9 बजे से अगली सूचना तक बंद कर दिए जाएंगे. साथ ही कई राज्यों से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रोक दिया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here