धमतरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के दानी टोला में पिता और उनके दो बेटों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए चार बालिग आरोपियों का सिर मुड़वाकर सदर बाजार में जुलूस निकाला, ताकि अपराधियों में कानून का खौफ बना रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व मछली पकड़ने की सूचना ढीमर समाज के लोगों को देने के संदेह पर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पिता और उनके दो पुत्रों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और दानी टोला निवासी रितेश कुमार ध्रुव, आलेक रामटेके, राम साहू, चंद्रशेखर तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बालिग आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें शहर में घुमाया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।




