रायपुर – छत्तीसगढ़ के भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को कथित कोल लेवी वसूली मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे रायपुर स्थित विशेष न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। ईओडब्ल्यू-एसीबी की ओर से इस मामले में अंतिम अभियोग पत्र पेश करने की तैयारी की जा रही है।
करीब 540 करोड़ की कथित अवैध वसूली का मामला
कोल लेवी प्रकरण में जांच एजेंसियों ने कोयला परिवहन के दौरान प्रति टन 25 रुपए की कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया है। आरोप के मुताबिक यह व्यवस्था जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच संचालित हुई और इससे बड़ी राशि की कथित अवैध वसूली की गई। इस मामले में ईडी की जांच और कार्रवाई भी पहले सामने आ चुकी है। वहीं देवेंद्र यादव इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
36 लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला
मामले में ईडी की रिपोर्ट के आधार पर एसीबी-ईओडब्ल्यू ने 36 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच में कई अधिकारियों और कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। एजेंसियों की ओर से इस प्रकरण में अलग-अलग आरोपियों के खिलाफ पहले भी अभियोग पत्र और पूरक अभियोग पत्र पेश किए जा चुके हैं। अब 5 अक्टूबर को विशेष न्यायालय में होने वाली कार्रवाई के दौरान मामले में ईओडब्ल्यू की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।



