Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में फिर शुरू होगा Form 6 अभियान, SIR में छूटे मतदाताओं...

छत्तीसगढ़ में फिर शुरू होगा Form 6 अभियान, SIR में छूटे मतदाताओं और नए वोटरों के नाम जोड़ने घर-घर जाएंगे BLO

20
0

रायपुर – विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत यह अभियान Form 6 के माध्यम से चलाया जाएगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान और पंजीकरण की प्रक्रिया में मदद करेंगे|

इस अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनके नाम SIR के दौरान छूट गए हैं। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या पहली बार मतदान के लिए पात्र बने युवाओं को भी सूची में शामिल किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने SIR पूरी हो चुके राज्यों में छूटे हुए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान BLO मतदाताओं से संपर्क कर मतदाता सूची को लगातार अपडेट करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। पात्र नागरिक Form 6 के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ में SIR के बाद मतदाता सूची में आई कमी के आंकड़ों को लेकर सवाल उठाए हैं। अकबर के अनुसार, 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कुल मतों का अंतर 6 लाख 32 हजार 382 यानी 4.04 प्रतिशत था। वहीं, SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, SIR के गणना चरण में 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता ‘Shifted/Absent’ श्रेणी में पाए गए थे। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, इनमें ऐसे लोग शामिल थे जो दूसरे स्थान पर मतदाता बन चुके थे, अपने पते पर नहीं मिले, गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाए या अन्य कारणों से पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके|

मोहम्मद अकबर ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि ‘Shifted/Absent’ श्रेणी में रखे गए मतदाताओं के मामलों की व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नियमानुसार नोटिस या अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं मिला है, उन्हें पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए।छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को जारी हुई थी, जिसमें कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता दर्ज किए गए।