Home मध्यप्रदेश मध्य प्रदेश के बगलामुखी धाम के पास बड़ा हादसा, नाले में कार...

मध्य प्रदेश के बगलामुखी धाम के पास बड़ा हादसा, नाले में कार डूबने से 8 लोगों की मौत

24
0

आगर मालवा  – मध्य प्रदेश के आगर मालवा में बरसाती नाले में कार बह जाने से 8 लोगों की मौत हो गई है. यहां के नलखेड़ा में बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार उफनता नाला पार करते वक्त अचानक बह गई. हादसे में कार सवार 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल है.

8 शव निकाले गए, मृतकों की पहचान की कोशिश जारी

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कार सवार दर्शन कर पास के ही बगलामुखी मंदिर से लौट रहे थे. तभी बरसाती नाले को पार करते समय उनकी कार तेज बहाव में अनियंत्रित हो गई. सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद करीब 8 लोगों के शव कार से बाहर निकाले जा चुके हैं. इन सभी की फिलहाल पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

रस्सी के जरिए खींची जा रही कार

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीण, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और रेस्क्यू शुरु किया लेकिन अबतक किसी के जीवित बचने का संकेत नहीं मिला है. वहीं, शवों को निकालने के बाद कार को रस्सी के जरिए बाहर खींचा जा रहा है, जिसमें और शव हो सकते हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि कार में कितने लोग सवार थे. पुलिस के मुताबिक मृतक आगर मालवा के नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे.यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं.

ओडिशा के रहने वाले हैं 7 मृतक, ड्राइवर एमपी से

पिछले 24 घंटे में लगभग 4 इंच हुई बारिश

जिस क्षेत्र में ये हादसा हुआ है, वहां पिछले 24 घंटे में लगभग 4 इंच की रिकॉर्डतोड़ बारिश दर्ज की गई है. देर रात से लगातार हुई बारिश के चलते बगलामुखी मंदिर के पास से गुजरने वाला बरसाती नाला उफान पर था और पुलिया पार करने के बाद ही मंदिर आया जाया जा सकता है. माना जा रहा है कि उफनती पुलिया पार करने के चक्कर में ही ये हादसा हुआ है.

अंधेरे में हुआ हादसा, सुबह पता चला

घटना को लेकर कलेक्टर शेर सिंह मीणा ने कहा, ” हादसा अलसुबह अंधेरे में हुआ है. सुबह जब नाले का पानी कम हुआ तकब जाकर कार की छत नजर आई, मौके पर पहुंचीं टीमों ने कार से 8 शव निकाले जिनमें 5 वयस्क और 3 बच्चे शामिल हैं. ब्रिज के दोनों ओर लोहे की बैरिकेडिंग है. ऐसे में कार ब्रिज से गिरी या कहीं और से इसकी जांच जारी है.” वहीं, मृतकों में राधा रानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा की पहचान हो चुकी है.

कार लॉक्ड ना होती तो बच सकती थी आठ जिंदगियां

आगर मालवा के नलखेड़ा में बरसाती नाले में बही कार में हुई उड़ीसा के लोगों की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है. लेकिन शुरुआती जांच में एक बिंदु ये भी सामने आया है कि जब घटना हुई उस समय कार लॉक्ड थी. इस वजह से कार में मौजूद लोगों को बचने का मौका नहीं मिल सका. एसपी दिलीप कुमार सोनी ने मीडिया को बताया कि कार अंदर से लॉक्ड थी इसी वजह से संभवत: वे बचने में सफल नहीं हो पाए. अगर लॉक नहीं होती तो वे प्रयास कर सकते थे.