LPG Subsidy Rule -रसोई गैस को लेकर जितनी उठापटक साल 2026 में हुई है, उतनी बीते एक दशक में कभी नहीं हुई. पहले तो अमेरिका और ईरान युद्ध की वजह से इसके आयात पर दिक्कतें आईं और सरकार ने भी इसके नियमों में लगातार बदलाव किया है. अब एलपीजी की सब्सिडी को लेकर एक बार फिर नियमों में बदलाव किया जा रहा है. 1 अक्टूबर से एलपीजी बुकिंग को लेकर कुछ बदलाव किया जा रहा है, खासकर सब्सिडी लेने वाले ग्राहकों के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं.
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 1 अक्टूबर, 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) पूरा होना जरूरी होगा. यानी जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक Aadhaar की बायोमेट्रिक जांच पूरी नहीं कराई है, उन्हें सब्सिडी वाले रेट पर सिलेंडर लेने से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
सरकार के मुताबिक, देश में सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं में से 27.43 करोड़ यानी 89.9% उपभोक्ता पहले ही बायोमेट्रिक Aadhaar Authentication पूरा कर चुके हैं. इन उपभोक्ताओं को दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं होगी और उनकी LPG बुकिंग पहले की तरह जारी रहेगी. इसका मतलब है कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही अपनी बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी कर ली है, उनके लिए एलपीजी बुकिंग करना और उस पर सब्सिडी पाना आसान रहेगा.
आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि अभी करीब 2.47 करोड़ उपभोक्ताओं ने आधार सत्यापन नहीं कराया है. इसका मतलब है कि ये उपभोक्ता जब एलपीजी बुकिंग करने जाएंगे तो उन्हें आधार सत्यापन करना होगा. हालांकि, अगर अभी तक आपने आधार सत्यापन नहीं कराया है तो इसके कई ऑप्शन हैं. ग्राहक चाहें तो LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिये अपना आधार सत्यापन करा सकते हैं. इसके अलावा LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के शोरूम पर जाकर भी सत्यापन कराया जा सकता है और संबंधित OMC के मोबाइल ऐप से घर बैठे आधार सत्यापन करा सकते हैं.
एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग करने वाले उपभोक्ता अपनी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के ऐप से भी आधार सत्यापन करा सकते हैं. मान लीजिए कि आप Indane कंपनी के एलपीजी उपभोक्ता हैं तो इसके ऐप IndianOil ONE के जरिये आधार सत्यापन करा सकते हैं. इसी तरह, Bharatgas के उपभोक्ता HelloBPCL ऐप से घर बैठे अपना सत्यापन करा सकते हैं. HP Gas ने भी अपने उपभोक्ताओं को HP PAY नाम से ऐप दिया है, जिससे इस प्रक्रिया को घर बैठे पूरा किया जा सकता है.
अगर आप बिना सब्सिडी वाला एलपीजी लेना चाहते हैं और किसी कारणवश अपना बायोमीट्रिक आधार सत्यापन भी नहीं कराना चाहते तो उनके लिए भी मौके हैं. ऐसे उपभोक्ता बिना सत्यापन के भी LPG लेना जारी रख सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपनी OMC के डिजिटल चैनल, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट, IVRS जैसे किसी भी विकल्प के जरिए अपनी पसंद दर्ज करनी होगी. ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी के बिना बाजार कीमत पर LPG दिया जाएगा. 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर स्थानीय उपलब्धता के आधार पर मिल सकेंगे.
सरकार ने बायोमीट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन यानी BAA पूरा करने की शुरुआती समयसीमा 30 जून 2026 थी, लेकिन उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय देने के लिए इसे कई बार बढ़ाया गया और आखिरकार 14 सितंबर 2026 को इसकी आखिरी डेडलाइन रखी थी. सरकार के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से चल रहे अभियान के तहत उपभोक्ताओं को 12 करोड़ से ज्यादा SMS और WhatsApp संदेश भेजे गए हैं. इसके अलावा LPG वितरकों, डिलीवरी कर्मचारियों और विशेष कैंपों के जरिये भी लोगों से Authentication पूरा करने की अपील की गई.
सरकार ने आंकड़े जारी कर बताया है कि सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर वास्तविक लागत और बिक्री मूल्य के बीच अंतर से जुड़ी अंतर्निहित सब्सिडी करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर है. जून 2026 में यह करीब 721 रुपये तक पहुंच गई थी. LPG सब्सिडी के लिए सरकार ने FY 2022-23 में OMCs को 22,000 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया था. FY 2025-26 और FY 2026-27 में 30,000 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं.
सरकार ने साफ कहा है कि जिन घरेलू LPG उपभोक्ताओं का BAA अभी पूरा नहीं हुआ है, वे 1 अक्टूबर 2026 से पहले Authentication हर हाल में पूरा कर लें. अगर इसे लेकर कोई भी सवाल या कंफ्यूजन है तो LPG सेवाओं से जुड़ी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 2333 555 पर संपर्क किया जा सकता है.



