Home छत्तीसगढ़ धमतरी के 7 गांवों में हाथियों को लेकर अलर्ट जारी, चंदा दल...

धमतरी के 7 गांवों में हाथियों को लेकर अलर्ट जारी, चंदा दल के लौटने से मची दहशत, हाई अलर्ट पर वन विभाग

28
0
हाथियों के झुंड में ज्यादातर दंतैल हाथी हैं. वन विभाग अपील कर रहा है कि लोग हाथियों से दूर रहें. 

धमतरी – जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र की छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग को हाथी की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। हाथी के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन अमला लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

P-143 के आसपास मौजूद है दंतैल

वन विभाग के अनुसार दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। विभाग को आशंका है कि हाथी आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जा सकता है।

इसी को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैंइसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा के ग्रामीणों को भी सावधान रहने की अपील की गई है।

10 किलोमीटर के दायरे में निगरानी

हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में गश्त और निगरानी कर रही हैं। पीपरछेड़ी और कमारपारा सहित प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जा रही है।

वन विभाग का फोकस, हाथी को मिले फ्री पैसेज

डीएफओ ने कहा कि वन विभाग का प्रयास है कि हाथी को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ने दिया जाए. इसके लिए प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और ग्रामीणों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हाथी को परेशान करने या उसके रास्ते में जाने से स्थिति बिगड़ सकती है, इसलिए लोग सुरक्षित दूरी बनाए रखें.

ये झुंड और ये हाथी सामान्य तौर पर शांत स्वभाव का है, इसलिए ग्रामीण उसे छेड़ने या उसके नजदीक जाने की कोशिश न करें. जिस दिशा में हाथी आगे बढ़ रहा है, उसे उसी रास्ते से शांतिपूर्वक आगे बढ़ने देना ही सबसे सुरक्षित उपाय है. वन विभाग की केरेगांव टीम लगातार हाथी की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है: श्री कृष्ण जाधव, डीएफओ

हाथी दिखे तो न जाएं करीब

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि दंतैल हाथी दिखाई दे तो उसके नजदीक जाने या उसे किसी भी तरह परेशान करने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को दें।

विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों के आधार पर ग्रामीणों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही है।

गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल

जानकारी के मुताबिक यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। इसके बाद से वन विभाग की टीम हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है।

फिलहाल विभाग का मुख्य फोकस हाथी को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।