रायपुर – नवा रायपुर में मंगलवार से गोल्फ प्रतियोगिता ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ की शुरुआत हो गई। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित सेरेमोनियल टी-ऑफ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जौहल शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया।
कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों के लिए भी बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता को राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देने के लिए ‘उत्कर्ष मिशन’ के तहत काम कर रही है।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों के साथ विदेशी गोल्फर भी हिस्सा ले रहे हैं। पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जौहल के अनुसार टूर्नामेंट में कुल 132 गोल्फर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी। वहीं, खेल आयोजन के जरिए नवा रायपुर की सुविधाओं और अधोसंरचना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिल रहा है।



