कोरबा – जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा में प्रेम-प्रसंग को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। एक सिरफिरे आशिक ने अपने नाबालिग प्रतिद्वंदी पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किशोर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सागर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी सागर यादव उम्र 18 साल 03 माह निवासी पथर्रीपारा का एक नाबालिग लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ समय बाद लड़की ने आरोपी से दूरी बना ली और उसी मोहल्ले के दूसरे नाबालिग किशोर के साथ नजदीकियां बढ़ा लीं। इसी बात को लेकर सागर यादव अंदर ही अंदर रंजिश पाले हुए था और बदला लेने की फिराक में था।
बताया जा रहा है कि बीती रात इसी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि सागर यादव ने आवेश में आकर अपने पास रखी कैंची से नाबालिग किशोर के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में किशोर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल किशोर का बयान दर्ज कर आरोपी सागर यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 हत्या के प्रयास के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



