Home छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा में CISF जवान की गोली लगने से मौत, AK-47 की सफाई...

दंतेवाड़ा में CISF जवान की गोली लगने से मौत, AK-47 की सफाई के दौरान हुआ हादसा

17
0

दंतेवाड़ा – दंतेवाड़ा जिले में सीआईएसएफ कैंप के अंदर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एके-47 रायफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से सीआईएसएफ के प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। घटना बचेली थाना क्षेत्र के सीआईएसएफ कैंप की है। पुलिस ने जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक जवान की पहचान दत्तात्राया पिता शिवाजी बी. वांगने के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के निवासी थे और सीआईएसएफ में प्रधान आरक्षक के पद पर तैनात थे।

जानकारी के मुताबिक, बचेली स्थित सीआईएसएफ कैंप के 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन क्रमांक-03 में प्रधान आरक्षक दत्तात्राया एके-47 रायफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रायफल से दो राउंड फायर हो गए।

फायरिंग में गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जवान के शव को पहले अपोलो अस्पताल, एनएमडीसी बचेली की मरच्यूरी में रखा गया था। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है। मृतक जवान के परिजन भी बचेली पहुंच चुके हैं।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना की वास्तविक वजह घटनास्थल के एफएसएल निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

F