Home छत्तीसगढ़ भिलाई में महिला SI से मारपीट, डॉक्टर ने उंगली में काटा, शासकीय...

भिलाई में महिला SI से मारपीट, डॉक्टर ने उंगली में काटा, शासकीय कार्य में बाधा का केस

13
0

भिलाईनगर – थाना अंडा के एक प्रकरण की जांच में सहयोग करने सेक्टर-8 भिलाई पहुंची प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक के साथ कथित मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूछताछ के दौरान एक डॉक्टर ने पुलिसकर्मी की उंगली में दांत से काटकर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद भिलाई नगर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना उतई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक लीनिमा साहू की पदस्थापना है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वह थाना अंडा के अपराध क्रमांक 93/2026, धारा 137(2) बीएनएस से जुड़े मामले की विवेचना में सहयोग के लिए अंडा पहुंची थीं। आमद दर्ज कराने के बाद वह पुलिस स्टाफ के साथ जांच संबंधी कार्य के लिए सेक्टर-8 भिलाई गईं।

पुलिस टीम प्रकरण से जुड़ी संदेही डॉक्टर झरना राणा उर्फ स्वीटी, पति व्ही.के. सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर 9/ए, केसीएस स्ट्रीट, सेक्टर-8 भिलाई के घर पहुंची। यहां पुलिसकर्मी मामले की पीड़िता से संबंधित जानकारी को लेकर पूछताछ कर रहे थे।

इसी दौरान डॉक्टर ने यह कहते हुए घर के भीतर जाने की बात कही कि वह थोड़ी देर में वापस आती हैं। प्रशिक्षु उप निरीक्षक भी उनके पीछे अंदर चली गईं। पुलिस के मुताबिक, महिला के हाथ में पानी की बोतल में मिट्टी का तेल और दूसरे हाथ में माचिस थी। पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर मिट्टी के तेल की बोतल खोलने की कोशिश की।

स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक ने महिला को पकड़कर उसके हाथ से बोतल छीन ली और उसे बाहर लेकर आईं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि डॉक्टर ने पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की और उसके शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए ड्यूटी करने से रोकने का प्रयास किया।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी महिला ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक के बाएं हाथ की उंगली में दांत से काट लिया, जिससे खून निकल आया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद प्रशिक्षु उप निरीक्षक लीनिमा साहू की शिकायत पर भिलाई नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने डॉक्टर झरना राणा उर्फ स्वीटी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।