रायपुर – यादव समाज को लेकर दिए गए बयान पर विरोध के बाद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा खेद जताए जाने के बावजूद विवाद पूरी तरह शांत होता नजर नहीं आ रहा है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि केवल खेद व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है। यदि बयान से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो अजय चंद्राकर को सार्वजनिक रूप से यादव समाज से माफी मांगनी चाहिए।
राजेश कुमार यादव ने कहा कि अजय चंद्राकर ने अपने बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए यादव समाज की भावनाएं आहत होने पर खेद जताया है। हालांकि, खेद जताना और माफी मांगना दो अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी सार्वजनिक बयान से किसी समाज की भावनाएं आहत होती हैं तो केवल अफसोस जताकर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो अजय चंद्राकर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। केवल खेद व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है।
राजनीतिक बयान में समाज को घसीटना उचित नहीं
राजेश कुमार यादव ने कहा कि राजनीतिक विरोध और संगठनात्मक प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी राजनीतिक मुद्दे को समझाने के लिए किसी समाज या उसके आराध्य से जुड़े प्रसंग का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए। यादव समाज अपने सम्मान और सामाजिक स्वाभिमान को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध कीजिए, सवाल उठाइए और अपनी बात रखिए, लेकिन किसी समाज की भावनाओं को राजनीतिक तर्क का हिस्सा बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता
वीडियो के अंश को लेकर दिए स्पष्टीकरण पर प्रतिक्रिया
अजय चंद्राकर की ओर से बयान के संदर्भ में कहा गया है कि प्रेस वार्ता में महाभारत के प्रसंग का उल्लेख युवा कांग्रेस के चुनाव के संदर्भ में किया गया था और वीडियो का एक हिस्सा ही प्रसारित होने के कारण पूरे बयान का संदर्भ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। इस पर राजेश कुमार यादव ने कहा कि बयान का संदर्भ जो भी रहा हो, यदि उसके किसी हिस्से से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो संवेदनशीलता दिखाते हुए सार्वजनिक माफी मांगना ही उचित रास्ता है। उन्होंने कहा कि समाज किसी राजनीतिक विवाद को बढ़ाना नहीं चाहता, लेकिन सम्मान के सवाल पर चुप भी नहीं रहेगा। यादव समाज शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास करता है।
सम्मान के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगा समाज
राजेश कुमार यादव ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत या राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित नहीं है। यह मुद्दा यादव समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से भाषा की मर्यादा और सामाजिक संवेदनशीलता की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने कहा, “हम किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं चाहते, लेकिन यादव समाज के सम्मान से समझौता भी नहीं करेंगे। खेद व्यक्त कर दिया गया है तो अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर इस विषय को सम्मानजनक तरीके से समाप्त किया जाना चाहिए।” राजेश कुमार यादव ने कहा कि समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखता आया है और आगे भी रखता रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजय चंद्राकर समाज की भावनाओं को समझते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे और विवाद का सम्मानजनक समाधान करेंगे।






