राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, पैलेट गन मामले में जांच शुरू
दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन से घायल व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह कार्रवाई लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद हुई. राहुल गांधी ने मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया था. पुलिस ने उनकी मांग स्वीकार कर ली. इसके बाद शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने की कार्रवाई आगे बढ़ी. अब पुलिस इस मामले में आरोपों की जांच करेगी. घटना में पैलेट गन के इस्तेमाल और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी. पुलिस सबूत जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी.
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि बोले – BJP चला रही अराजक सरकार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजक सरकार चल रही है. मल्लू रवि ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल भी किया गया. मल्लू रवि के मुताबिक राहुल गांधी इसी मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस की पहली जिम्मेदारी FIR दर्ज करना है. कांग्रेस सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए.
राहुल गांधी की FIR मांग पर BJP का हमला, आर पी सिंह बोले – कर रहे हैं ड्रामेबाजी
दिल्ली में भाजपा नेता आर पी सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने राहुल गांधी के FIR की मांग को ड्रामेबाजी बताया. आर पी सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी वंदे मातरम के कथित अपमान से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि देशभर में वंदे मातरम के अपमान को लेकर आक्रोश है. आर पी सिंह ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को लेकर उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के बजाय इसका जवाब देना चाहिए.
राहुल गांधी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस कर रही जांच, FIR पर फैसला संभव
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में गोली लगने की घटना को लेकर FIR दर्ज करने की मांग की है. राहुल गांधी का दावा है कि पीड़ित के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे मिले हैं. उनकी एक आंख की रोशनी भी चली गई है. उन्होंने कहा कि दिल के पास भी छर्रे मौजूद हैं. दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने पैलेट गन नहीं चलाई. अब दिल्ली पुलिस के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक शिकायत की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाएगी कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार इस मामले में नया केस दर्ज किया जा सकता है या नहीं.
DCP दफ्तर के कमरे में गईं प्रियंका, राहुल से कान में की बात
प्रियंका गांधी DCP दफ्तर के कमरे के अंदर गईं और कुछ देर बाद बाहर आईं. बाहर आते ही उन्होंने राहुल गांधी से कान में कुछ बात की. इसके बाद प्रियंका गांधी फिर से DCP दफ्तर के कमरे के अंदर चली गईं. इस दौरान वहां मौजूद लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजरें दोनों नेताओं की गतिविधियों पर बनी रहीं.
‘सुप्रीम कोर्ट मामले को देख रहा, फिर थाने के बाहर धरना क्यों?’
जेपी नड्डा ने कहा कि 20 जुलाई की घटना का सुप्रीम कोर्ट पहले ही संज्ञान ले चुका है और जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति भी बनाई गई है. उन्होंने सवाल किया कि जब देश की सर्वोच्च अदालत मामले को देख रही है तो राहुल गांधी पुलिस स्टेशन के बाहर बैठकर क्या साबित करना चाहते हैं. नड्डा ने कहा कि संसद मार्ग के DCP कार्यालय पहुंचने पर राहुल गांधी को बताया गया था कि 20 जुलाई से जुड़े सभी मामलों की दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच गहन जांच कर रही है और उनकी ओर से उठाए गए मुद्दे भी जांच टीम को भेज दिए गए हैं. इसके बावजूद धरने पर बैठना राहुल गांधी की जिद और हताशा को दिखाता है. नड्डा ने आरोप लगाया कि उनका मकसद न्याय या जांच सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि हंगामा खड़ा करना और कानून-व्यवस्था को चुनौती देना है.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर उन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पूरा देश एक बार फिर राहुल गांधी की ‘सस्ती और ध्यान भटकाने वाली राजनीति’ देख रहा है. नड्डा के मुताबिक, राहुल गांधी का यह प्रदर्शन न छात्रों के लिए है और न न्याय की मांग के लिए, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और मीडिया में बने रहने की कोशिश का प्रतीक है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कैमरों के सामने यह ड्रामा कर सुर्खियों में रहना चाहते हैं.
‘ऊपर से आदेश’ का हवाला देकर शिकायत लेने से इनकार: साहिल के वकील का आरोप
पैलेट गन से घायल छात्र साहिल लोचव के वकील ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत शुरू में लेने से इनकार कर दिया था. वकील के मुताबिक, उन्होंने 14 अगस्त को अधिकारियों के सामने शिकायत दी थी. अधिकारियों ने शिकायत पढ़ने के बाद उसे वापस कर दिया. वकील का दावा है कि SHO ने फोन पर कहा कि ‘ऊपर से आदेश’ मिले हैं, इसलिए मामले को दर्ज नहीं किया जाएगा.
BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी पर ‘अराजकता की राजनीति’ करने का आरोप लगाया. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने बिना अनुमति और बिना पहले से सूचना दिए थाने में धरना दिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने राहुल गांधी को बताया है कि इस घटना को लेकर पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी है और मामले की जांच चल रही है.
शिकायत रिसीव, मामला पहले से सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी की ओर से दी गई शिकायत को दिल्ली पुलिस ने रिसीव कर लिया है. सूत्रों ने बताया कि हिंसा से जुड़ी सभी FIR और पूरा घटनाक्रम पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में है और मामला अदालत की निगरानी में चल रहा है. इसमें पैलेट गन से जुड़ा मामला भी शामिल है.
राहुल गांधी का धरना, बोले- अपराध हुआ है, FIR दर्ज हो
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पैलेट गन से घायल छात्र साहिल लोचव के साथ दिल्ली के DCP ऑफिस पहुंचे. उन्होंने कहा कि साहिल की आंख को नुकसान पहुंचा है और उसके दिल के पास भी पैलेट फंसे हुए हैं. राहुल गांधी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने भी माना है कि अपराध हुआ है, ऐसे में FIR दर्ज होनी चाहिए. उन्होंने साहिल की मां की मौजूदगी का जिक्र करते हुए कहा कि वह यहां रो रही हैं. राहुल गांधी का आरोप है कि पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि ऊपर से FIR दर्ज नहीं करने के आदेश मिले हैं. उन्होंने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, प्रदर्शनकारी वहां से नहीं हटेंगे.अपराध हुआ है तो FIR क्यों नहीं?
राहुल गांधी ने पुलिस से सवाल किया कि जब अपराध हुआ है तो मामला दर्ज करने में देरी क्यों की जा रही है. उन्होंने कहा कि घायल छात्र और उसके परिवार को न्याय मिलना चाहिए. राहुल गांधी ने इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए और FIR दर्ज करने की मांग दोहराई. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ पुलिस कार्यालय के बाहर जुटी रही.
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस तरह के प्रदर्शनों के जरिए खुद और कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. सूद ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को सुर्खियों में बने रहने की कवायद बताया. वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से FIR दर्ज होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही गई है.
पैलेट गन मामले में जांच की मांग
कांग्रेस का कहना है कि साहिल को प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से चोट लगी और उसकी शिकायत पर कार्रवाई होनी चाहिए. राहुल गांधी पहले भी इस मुद्दे को संसद में उठा चुके हैं और सरकार से सवाल कर चुके हैं कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था. अब वह FIR और जांच के जरिए पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं.
थाने के बाहर जुटे कांग्रेसी कार्यकर्ता
राहुल गांधी के धरने की खबर फैलते ही संसद मार्ग थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई. कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं और पुलिस ने थाने के आसपास बैरिकेडिंग कर रखी है. स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई नेता भी मौके पर पहुंच चुके हैं.
DCP से मुलाकात के बाद भी नहीं बनी बात
राहुल गांधी और साहिल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. कांग्रेस का आरोप है कि साहिल की ओर से पहले भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई. पार्टी का कहना है कि शिकायत पर IO नंबर या उसकी प्राप्ति का स्पष्ट रिकॉर्ड भी नहीं दिया गया. इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी अब पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बना रहे हैं.
राहुल गांधी का धरना जारी, FIR की मांग पर अड़े
राहुल गांधी संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं. उनके साथ पैलेट गन से घायल छात्र साहिल लोछब भी मौजूद हैं. राहुल गांधी की मांग है कि 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान साहिल को लगी चोट के मामले में FIR दर्ज की जाए और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो.






