रायपुर – छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी के साथ इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर और कार्टून के जरिए भी एक-दूसरे पर निशाना साधने का दौर चल रहा है। भाजपा ने कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक खींचतान को लेकर एक कार्टून पोस्टर जारी किया, जिसके बाद कांग्रेस ने भी उसी अंदाज में पलटवार कर सियासी माहौल गरमा दिया।
भाजपा की ओर से जारी कार्टून पोस्टर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को दिखाया गया है। पोस्टर के जरिए कांग्रेस संगठन में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही कथित खींचतान पर कटाक्ष किया गया। भाजपा ने पोस्ट के साथ ‘अउ नहीं सहिबो, बदल के रहीबो… कुर्सी दंगल’ का कैप्शन लगाया। इसके जरिए पार्टी ने कांग्रेस के भीतर पद और नेतृत्व को लेकर चल रही राजनीतिक रस्साकशी पर सवाल उठाने की कोशिश की।
भाजपा के पोस्टर के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी देर नहीं की। पार्टी ने अपना कार्टून पोस्टर जारी करते हुए भाजपा पर पलटवार किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस ने भी ‘अउ नहीं सहिबो, बदल के रहीबो… कुर्सी दंगल’ कैप्शन का इस्तेमाल किया। हालांकि दोनों दलों के पोस्टरों का कैप्शन एक जैसा रखा गया, लेकिन कार्टून में नेताओं को अलग-अलग राजनीतिक संदर्भों के साथ पेश किया गया। कांग्रेस का जवाब सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर दोनों दलों के पोस्टर वार की चर्चा तेज हो गई है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबला अब सिर्फ सभाओं और बयानों तक सीमित नहीं रह गया है। इंटरनेट मीडिया पर बनाए जा रहे कार्टून और पोस्टर भी दोनों दलों के लिए विपक्ष पर हमला करने का नया जरिया बन गए हैं। ताजा पोस्टर वार ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह सियासी तकरार और तेज हो सकती है।






