बलौदाबाजार के कसडोल में पैसों के विवाद पर युवक की कैंची से हमला कर हत्या। घायल ने रायपुर ले जाते समय दम तोड़ा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
बलौदाबाजार – छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में चखना सेंटर संचालकों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कॉलेज रोड स्थित चखना सेंटर में बुधवार देर रात हुए झगड़े के दौरान एक युवक पर कैंची से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अजय पैकरा (48) के रूप में हुई है, जो आरोपी फिरतु यादव (34) के साथ मिलकर चखना सेंटर का संचालन करता था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने कैंची से हमला कर अजय को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल सनी पैकरा को स्थानीय लोगों की मदद से पहले कसडोल के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरतू यादव को हिरासत में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी फिरतु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटना में प्रयुक्त कैंची समेत अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे के परिचित और व्यवसायिक साझेदार थे। विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस पैसों के लेनदेन सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी खोमन लाल सिन्हा ने बताया कि विवाद के दौरान कैंची से हमला किए जाने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






