रायपुर – सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कुल 2,352 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,164 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क हादसों का प्रमुख कारण है, इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 167 वाहन चालकों और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 21 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए। यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में की गई यह कार्रवाई पूरे वर्ष 2025 में निलंबित किए गए 2,065 लाइसेंसों की तुलना में 287 अधिक है, जो नियमों के प्रति सख्ती को दर्शाता है।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, तय गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। रायपुर यातायात पुलिस भविष्य में भी ऐसे गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।






