Home छत्तीसगढ़ कोर्ट में भूपेश-रामगोपाल की मुलाकात, शराब घोटाले की सुनवाई के बाद 5...

कोर्ट में भूपेश-रामगोपाल की मुलाकात, शराब घोटाले की सुनवाई के बाद 5 अगस्त तक बढ़ी हिरासत

18
0

रायपुर – छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को अदालत ने 5 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कोर्ट से जेल रवाना होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर कोर्ट पहुंचे और अग्रवाल से मुलाकात की, जिस पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी रहीं। बताया जा रहा है कि करीब तीन वर्षों तक फरार रहने के बाद रामगोपाल अग्रवाल को पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) और बाद में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने गिरफ्तार किया था। EOW के अनुसार, शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े कथित अवैध धन के लेन-देन और उसे ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी आधार पर एजेंसी ने उनसे आगे पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी।

गौरतलब है कि 8 जुलाई को रामगोपाल अग्रवाल ने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पहले 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। EOW मामले की जांच जारी रखते हुए शराब घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।