Home छत्तीसगढ़ बर्थडे पार्टी का जश्न मातम में बदला; शिवनाथ नदी में बहे दो...

बर्थडे पार्टी का जश्न मातम में बदला; शिवनाथ नदी में बहे दो बच्चे, 3 महीने पहले भी यहीं गई थी 2 दोस्तों की जान

23
0
दुर्ग के छातागढ़ में शिवनाथ नदी में बड़ा हादसा हो गया. बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे दो बच्चे नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए. दोनों की पहचान 14 वर्षीय रेहान और 12 वर्षीय आरव के रूप में हुई है. देर शाम सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

दुर्ग – जिले के छातागढ़ में स्थित शिवनाथ नदी एक बार फिर दर्दनाक हादसे की वजह से चर्चा में है. दोस्तों के साथ जन्मदिन की खुशियां मनाने पहुंचे बच्चों के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला बन गया. बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद नदी में नहाने उतरे दो मासूम तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए.

साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव इतना तेज था कि वे कुछ नहीं कर सके. सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, उसी स्थान पर तीन महीने पहले भी दो युवकों की डूबने से मौत हुई थी. घटना के बाद परिवारों में मातम का माहौल है और अब सभी की निगाहें सुबह शुरू होने वाले सर्च अभियान पर टिकी हैं.

जानकारी के अनुसार, दुर्ग के उरला इलाके के 7 से 8 बच्चे अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे. दिनभर मौज-मस्ती और जश्न के बीच किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही देर बाद यह खुशी हादसे में बदल जाएगी. बर्थडे सेलिब्रेशन खत्म होने के बाद बच्चे नदी किनारे पहुंचे, जहां कुछ बच्चे पानी में उतर गए.

नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे

शाम करीब 4 बजे दो बच्चे नदी में नहाने के लिए उतरे. इसी दौरान वे शिवनाथ नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए. बच्चों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते पानी उन्हें अपने साथ बहाकर ले गया. मौके पर मौजूद उनके दोस्तों के सामने यह सब कुछ कुछ ही पलों में हो गया.