कोरबा – जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कार्बन फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बायलर फटने से हड़कंप मच गया। ब्लास्ट के साथ ही फैक्ट्री के भीतर भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। ब्लास्ट की आवाज सुनते ही मजदूरों में भगदड़ मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।
बता दें कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। धुएं के साथ केमिकल की तेज बदबू और जलन भी महसूस की जा रही थी। इससे आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए करीब 3 घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। लगभग 8 दमकल वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कूलिंग का काम भी लगातार जारी रखा गया ताकि आग दोबारा न भड़के। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के इलाके को तत्काल सील कर दिया। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।