Home देश CEO बनने तक 5 संत संभालेंगे राम मंदिर की कमान…ट्रस्ट की बैठक...

CEO बनने तक 5 संत संभालेंगे राम मंदिर की कमान…ट्रस्ट की बैठक में बड़ा फैसला, जानिए कौन-कौन शामिल?

16
0
अयोध्या – राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद आज (22 जुलाई) मंदिर ट्रस्ट की दूसरी बैठक हुई. बैठक के बाद राम मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि नए CEO का चयन अभी नहीं हो पाया है. इसमें करीब एक महीने लग सकते हैं, तब तक अयोध्या के 5 संत मंदिर का संचालन और कार्यभार संभालेंगे. गोविंद गिरी की अध्यक्षता में धार्मिक समिति का गठन किया गया. इसमें स्वामी रामानंद दास, महंत राजकुमार दास, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ, स्वामी कमलनयन दास, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती और स्वामी दिनेंद्रदास शामिल हैं.
बैंक की लापरवाही पर न्यास निराश
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासियों की आज बैठक हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर फैसले हुए. बैठक में एसआईटी जांच, चढ़ावा राशि गणना अनियमितता पर SIT रिपोर्ट का इंतजार, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का संज्ञान लिया गया. ट्रस्ट की बैठक में चढ़ावा गणना कक्ष समेत पूरे मंदिर परिसर के CCTV की सुरक्षा अधिकारियों तक सीधी पहुंच पर संतोष जताया गया. चढ़ावे के सोने-चांदी की मात्रा और शुद्धता जांच के लिए RBI की टकसाल (Mint) के साथ व्यवस्था जारी रहेगी. चढ़ावे की गणना में एसबीआई बैंक की लापरवाही पर न्यासियों ने निराशा जताई. संबंधों और प्रक्रियाओं पर पुनर्विचार के निर्देश दिए गए.
ट्रस्ट नियुक्त करेगा अपना प्रवक्ता 
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित समिति को 1 माह का अतिरिक्त समय दिया गया है. अस्थायी व्यवस्था के तहत सचिव की नियुक्ति होगी. मीडिया के माध्यम से संवाद बनाए रखने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अपना अधिकृत प्रवक्ता नियुक्त करेगा. बैठक में दुष्प्रचार के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या यथावत होने पर न्यास ने संत समाज, रामभक्तों और अवध वासियों का आभार जताया.
अगली बैठक कब?
ट्रस्ट की बैठक के बाद महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि मंदिर के सभी कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं. विपक्ष के आरोप राजनीति से प्रेरित हैं. बैंक विवाद में ट्रस्ट का कोई सदस्य शामिल नहीं है. बैंक की गलती पाई गई है. आवश्यक सुधार होंगे. राम जन्मभूमि ट्रस्ट की अगली बैठक 2 सितंबर को होगी. 2 सितंबर की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.