अमेरिका और ईरान भले ही जंग में लुट चुके हैं लेकिन दोनों दुश्मनों की ईगो इस वॉर को खत्म होने नहीं दे रही है. इस जंग में होर्मुज एक नया वॉर फ्रंट बन गया है, जिसे एक तरफ से ईरान खींच रहा है तो दूसरी तरफ से अमेरिका खींच रहा है. दोबारा शुरू हुई इस जंग के चौथे दिन ये तांडव दुनिया भर की तेल सप्लाई एक बार फिर से ठप कर चुका है. अभी भी अमेरिका-ईरान के एक-दूसरे पर हमले जारी हैं और हालात बद से बदतर की तरफ बढ़ रहे हैं.
ट्रंप ने पुलों-बिजली संयंत्रों पर हमले की चेतावनी
इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक टीवी इंटरव्यू में ईरान को कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि यदि तेहरान जल्द बातचीत की मेज पर वापस नहीं आता, तो अगले सप्ताह अमेरिका ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमला कर सकता है. ट्रंप पहले भी इस तरह की चेतावनियां दे चुके हैं और उन्हें अक्सर बातचीत के दौरान दबाव बनाने की रणनीति माना जाता है.
होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर नहीं लगेगी फीस
उधर ट्रंप ने अपने पहले किए गए एक फैसले में बदलाव भी किया. उन्होंने कहा कि अब हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों पर 20 प्रतिशत शुल्क नहीं लगाया जाएगा. इसके बजाय खाड़ी के देशों द्वारा अमेरिका में किए जाने वाले निवेश को प्राथमिकता दी जाएगी. इस फैसले को क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने और व्यापारिक तनाव कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग अब बेहद भयावह मोड़ पर पहुंच गई है, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर लगातार चौथी रात भीषण बमबारी करने के आदेश दे दिए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना ने दक्षिणी ईरान के पास मौजूद रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण ‘ग्रेटर टुनब द्वीप’ पर हमला करके ईरान के क्रूज मिसाइल ठिकानों और तटीय रक्षा प्रणालियों को मटियामेट कर दिया है. हालांकि इस ताजा हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन अमेरिकी मंसूबे अब और ज्यादा आक्रामक हो चुके हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस हवाई युद्ध का दायरा बढ़ाया जा सकता है, जिसके तहत ईरान के बिजली संयंत्रों, प्रमुख पुलों और बुनियादी ढांचों को भी निशाना बनाया जा सकता है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर अमेरिका इन नागरिक ठिकानों पर हमला करता है, तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उस पर युद्ध अपराध के संगीन आरोप लग सकते हैं.






