Home छत्तीसगढ़ शराफत का नकाब उतरा मैनपुर नगर मे मोहल्ले का युवक निकला सातिर...

शराफत का नकाब उतरा मैनपुर नगर मे मोहल्ले का युवक निकला सातिर चोर पुलिस ने किया गिरफ्तार

1278
0

मैनपुर में वरिष्ठ शिक्षिका के घर 6 माह पहले हुई लाखों की चोरी का खुलासा, पड़ोसी युवक गिरफ्तार

विश्वासघात कर उड़ाए 18 लाख के गहने, 10 लाख का गोल्ड लोन लेकर जुए में उड़ाए 1.62 लाख

मैनपुर (गरियाबंद), 10 जून 2026 – मैनपुर नगर के नेशनल हाईवे किनारे आमापारा में वरिष्ठ शिक्षिका के घर 6 माह पहले हुई सोना-चांदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोर कोई और नहीं बल्कि पड़ोस का ही युवक निकला, जिसका शिक्षिका के घर आना-जाना था। आरोपी ने चोरी के गहनों को गिरवी रखकर बैंक से 10 लाख का गोल्ड लोन लिया और लाखों रुपए जुए में उड़ा दिए। मैनपुर पुलिस ने आरोपी निखिल जगत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

25 जनवरी को चाबी गायब, 11 फरवरी को खुला चोरी का राज
प्रार्थिया पदमनी शाडिल्य ने मैनपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जनवरी 2026 को मंगलसूत्र पहनने के लिए अलमारी के लॉकर की चाबी ढूंढी तो नहीं मिली। 11 फरवरी 2026 को घर में शादी होने के कारण गहने निकालने के लिए वेल्डर से लॉकर तुड़वाया गया। लॉकर खुलने पर अलमारी में रखे गहने गायब थे।

2.86 लाख के गहने, वर्तमान कीमत 18 लाख से अधिक
चोरी गए गहनों में सोने की चैन 14.170 ग्राम, नेकलेस 32.990 ग्राम, रानी हार 36.070 ग्राम, अंगूठी 4.070 ग्राम, इयरिंग चैन 3.180 ग्राम, टॉप्स 2.660 ग्राम, इयरिंग 3.000 ग्राम, बाली पुराना 6.000 ग्राम, छोटा लॉकेट 2.660 ग्राम, फुल्ली 1.150 ग्राम शामिल थे। साथ ही चांदी की पायल 5 तोला और बालपिन 4 तोला भी चोरी हुई। कुल 110.490 ग्राम सोने के गहने और 9 तोला चांदी चोरी हुई। एफआईआर के अनुसार इनकी कीमत 2,86,075 रुपए थी, लेकिन वर्तमान बाजार भाव से कीमत 18 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

पड़ोसी युवक निकला आरोपी, बैंक में गिरवी रख लिए 10 लाख
मामले की जांच में पुलिस ने संदेही निखिल जगत पिता बृजलाल उर्फ भोला जगत, 29 साल, निवासी मैनपुर से पूछताछ की। आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी के गहनों को गरियाबंद के ESAF बैंक में गिरवी रखकर अपने नाम से खाता खुलवाया और तीन किस्तों में 10 लाख रुपए का गोल्ड लोन लिया।

जुए, केसिंग काम और सेट्रिंग सामान में उड़ाए पैसे
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लोन की रकम में से 1,62,000 रुपए जुए में हार गया। 2,98,000 रुपए सिकासेर में केसिंग काम में खर्च किए। 2,80,000 रुपए का सेट्रिंग सामान खरीदा और 2,60,000 रुपए घर के काम व निजी खर्च में उड़ा दिए। पुलिस ने बैंक से ली गई गोल्ड लोन की रसीद जब्त कर ली है।

5 माह बाद हुआ खुलासा, मोहल्ले में हड़कंप
चोरी की घटना के बाद से नगर में हड़कंप था। पुलिस 5 माह से जांच कर रही थी। आरोपी के नाम सामने आने पर लोग चौंक गए क्योंकि वह उसी मोहल्ले का रहने वाला था और प्रार्थिया के घर उसका आना-जाना था। थाना प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर हुर्रा, सउनि पवन कुमार वर्मा, आरक्षक कोमल धृतलहरे, प्रवीण वर्मा, सूर्यकांत कुर्रे और स्पेशल टीम गरियाबंद की भूमिका सराहनीय रही।आरोपी निखिल जगत को 10 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस बैंक में गिरवी रखे गहनों को बरामद करने की कार्रवाई कर रही है।