सरगुजा के मां महामाया एयरपोर्ट (अंबिकापुर) से हवाई संपर्क का विस्तार करते हुए रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर सप्ताह में दो दिन नई विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव एलायंस एयर द्वारा DGCA को भेजा गया है।
अंबिकापुर – सरगुजा क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एलायंस एयर नई उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर रही है। विमानन कंपनी ने रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए फ्लाइट शुरू करने का प्रस्तावित विंटर शेड्यूल डीजीसीए को भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक यह सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित किए जाने की योजना है।
इसके अलावा एलायंस एयर की ओर से सप्ताह में एक दिन रायपुर-अंबिकापुर होकर रांची या पटना के लिए भी उड़ान शुरू करने की योजना बनाई गई है। हालांकि इन सेवाओं को अंतिम रूप देने से पहले डीजीसीए की मंजूरी जरूरी होगी।
अंबिकापुर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयासों के तहत एलायंस एयर ने पहले बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता रूट पर विमान सेवा शुरू की थी। यात्रियों की अपेक्षित संख्या नहीं मिलने के कारण कोलकाता की फ्लाइट बाद में बंद कर दी गई।
फिलहाल अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित हो रही है। प्रस्तावित विंटर शेड्यूल में इसे सप्ताह में एक दिन किए जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कोलकाता सेवा बंद होने के बाद अब रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए नई विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। एलायंस एयर ने इसका प्रस्तावित विंटर शेड्यूल डीजीसीए को भेज दिया है।
कंपनी की बुकिंग वेबसाइट पर फिलहाल अंबिकापुर-रायपुर रूट की जानकारी दिखाई दे रही है, जबकि वाराणसी, रांची और पटना को अभी शेड्यूल में शामिल नहीं किया गया है। डीजीसीए से मंजूरी मिलने के बाद इन रूट की जानकारी अपडेट किए जाने की संभावना है।
विंटर शेड्यूल में बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट को सप्ताह में दो दिन से घटाकर एक दिन किए जाने की चर्चा के बीच लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने इसका विरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दिल्ली की फ्लाइट को कम करने के बजाय सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग की है।
विधायक का कहना है कि दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं। वहीं, एलायंस एयर ने 21 अक्टूबर के बाद की बुकिंग फिलहाल शुरू नहीं की है।
मां महामाया एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में दो दिन संचालित हो रही है। विंटर शेड्यूल को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। डीजीसीए की मंजूरी मिलने के बाद ही उड़ानों की स्थिति स्पष्ट होगी।
उन्होंने बताया कि एलायंस एयर की ओर से वाराणसी के साथ रांची या पटना के लिए भी विमान सेवा शुरू करने की पहल की गई है।



