बिलासपुर – तिफरा क्षेत्र में रविवार रात फल व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। नकाबपोश हमलावर ने व्यापारी मनीष गोस्वामी की पीठ और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर का नकाब खींचा तो आरोपी की पहचान हो गई। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
रात 10 बजे दुकान के पास हुआ हमला
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में तिफरा चौक पर मनीष गोस्वामी की फल की दुकान है। रविवार रात करीब 10 बजे मनीष अपनी पत्नी के साथ दुकान के पास खड़ा था। तभी नकाबपोश युवक आया और पीछे से पकड़कर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने मनीष की पीठ और पेट पर कई वार किए।
पत्नी ने खींचा नकाब, आरोपी निकला भोलू साहू
हमले के दौरान मनीष की पत्नी ने साहस दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसका नकाब खींच दिया। चेहरा सामने आते ही हमलावर की पहचान भोलू साहू के रूप में हुई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल मनीष को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया।अवैध संबंध बना हमले की वजह
जांच में सामने आया कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ भोलू साहू के परिवार की एक महिला से संबंध था। वह महिला सैदा गांव में मनीष के साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी भोलू नाराज था और रंजिश रखता था
रायपुर से गिरफ्तार, चाकू बरामद
सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना पर पुलिस रात में ही वहां पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस बोली- हत्या की नीयत से किया हमला
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया था। समय पर इलाज मिलने से मनीष की जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।






