Home छत्तीसगढ़ खारून नदी में विसर्जन पर रोक, रायपुर में गणेश उत्सव के लिए...

खारून नदी में विसर्जन पर रोक, रायपुर में गणेश उत्सव के लिए निगम ने जारी किए बड़े निर्देश; सुरक्षा से ट्रैफिक तक खास इंतजाम

11
0

रायपुर – राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पालिक निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खारून नदी के किनारे निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और साफ-सफाई सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

खारून नदी में सीधे नहीं होगा प्रतिमाओं का विसर्जन

गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) तथा शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। खारून नदी के किनारे बनाए गए विसर्जन कुंड में प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थान पर रखने की व्यवस्था होगी।

निगम के अनुसार गणेश प्रतिमाओं का सीधे खारून नदी में विसर्जन नहीं किया जाएगा, ताकि नदी के जल को प्रदूषण से बचाया जा सके।

ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ऐसे गणेश पंडालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिनसे सड़क पर यातायात बाधित होता है।

महादेव घाट पर बनी विशेष प्रशासनिक समिति

महादेव घाट स्थित गणेश विसर्जन स्थल पर संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था के लिए निगम अधिकारियों की समिति गठित की गई है। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को समिति का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

समिति में प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, प्रभारी अधीक्षण अभियंता इमरान खान, प्रभारी नगर निवेशक आभास मिश्रा, जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक और उपायुक्त  स्वास्थ्य जसदेव बाबरा को शामिल किया गया है।

समिति द्वारा विसर्जन स्थल पर क्रेन, शामियाना, रोशनी, माइक, गोताखोर और चिकित्सा सुविधाओं सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

क्रेन, मोटर बोट और गोताखोर रहेंगे मौजूद

विसर्जन कुंड स्थल पर क्रेन, मंच, कंट्रोल रूम, टॉर्च, मोटर बोट, गोताखोर, मजबूत रस्से, लॉन्ग बूट, रेनकोट और बड़े आकार के छातों की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा होमगार्ड कार्यालय से समन्वय कर अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाखे नगर चौक पर सर्च लाइट, पंडाल, मंच, माइक और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी।

एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की भी व्यवस्था

लाखे नगर चौक पर प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और चिकित्सा शिविर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, गणेश विसर्जन स्थल पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के दल के साथ एंबुलेंस, चिकित्सक टीम और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

25 सितंबर से ट्रैक्टर-ट्रॉली और 709 उपलब्ध होंगे

अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर 25 सितंबर से गणेश विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 709 वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन वाहनों को तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और लाखे नगर चौक में विसर्जन कार्य के लिए रखा जाएगा

निगम ने वाहनों के लिए चालक और ईंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके साथ ही तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और शहर के अन्य तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन रोकने की व्यवस्था की जाएगी। छोटी प्रतिमाओं के लिए तालाबों के किनारे अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।

विसर्जन रूट पर रोशनी और बिजली की विशेष व्यवस्था

गणेश विसर्जन रूट से महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड तक और रिंग रोड में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए विसर्जन स्थल पर जनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी।

संबंधित विद्युत अधिकारियों से समन्वय कर विसर्जन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

महादेव घाट पर 10 पंडितों की रहेगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पर गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान पूजन के लिए संस्कृत कॉलेज से 10 पंडितों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

जर्जर भवनों का सर्वे, सड़कों की होगी मरम्मत

गणेश विसर्जन के पूरे रूट पर स्थित जर्जर भवनों का सर्वे कराया जाएगा। संबंधित मकान मालिकों को भवन दुरुस्त कराने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।

इसके साथ ही विसर्जन रूट और लिंक मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, पेचवर्क, निर्माण सामग्री हटाने और साफ-सफाई कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

पेयजल और आवारा मवेशियों पर भी नजर

विसर्जन रूट और विसर्जन कुंड स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।