Home छत्तीसगढ़ 43 डिग्री तापमान में राजिम MLA रोहित साहू गरियाबंद के गली मोहल्ले...

43 डिग्री तापमान में राजिम MLA रोहित साहू गरियाबंद के गली मोहल्ले तालाब पहुंचकर विकास कार्यों लिया जायजा

128
0

छिंद तालाब से एक सप्ताह में हटेगा अतिक्रमण, बस स्टैंड में बनेगा हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय

शेख हसन खान गरियाबंद – नगर के विकास कार्यों को गति देने और वर्षों से लंबित मामलों के समाधान की दिशा में गुरुवार को राजिम विधायक रोहित साहू पूरे दिन नगर पालिका क्षेत्र में सक्रिय रहे। कड़ी धूप के बीच उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, सौंदर्यीकरण योजनाओं तथा नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम जनों से रूबरू भी हुए साथ ही कई मामलों में अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन सहित सभी पार्षद, जनप्रतिनिधि और पालिका की टीम उनके साथ मौजदू थी।

औचक निरीक्षक के दौरान विधायक ने बस स्टैंड, छिंद तालाब, देवरनीन तालाब और नया तालाब सहित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने तीन वर्षों से अधूरे पड़े देवरनीन तालाब सौंदर्यीकरण कार्य पर नाराजगी जताते हुए नए सिरे से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं छिंद तालाब क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को एक सप्ताह के भीतर सीमांकन कर बेदखली की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश सीएमओ और तहसीलदार को दिए। इसके अलावा पिचिंग कार्य में टोवेल की ऊंचाई बढ़ाने और वॉर्ड 12 में नाली निर्माण के निर्देश दिए।

इसके पहले विधायक साहू ने बस स्टैंड स्थित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स और रिक्त भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां यात्रियों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त दो मंजिला हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही चार माह पूर्व आबंटित दो दुकानों के आबंटन को तत्काल निरस्त करने तथा कचहरी मार्ग स्थित एक दुकान को कुर्क कर खाली कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नया तालाब में चल रहे पिचिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पहले तालाब की सफाई और गंदगी हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तालाब से निकलने वाली मिट्टी के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति एवं रॉयल्टी प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराने को कहा। इस दौरान आशीष शर्मा, सागर मयाणी, अजय रोहरा, राधेश्याम सोनवानी, अमित बखरिया, सुमित पारख, पार्षद विष्णु मरकाम, रेणुका साहू, बिंदु सिन्हा, मधु देवांगन, खेम सिंह बघेल, पुष्पा साहू, सूरज सिन्हा, प्रतीक तिवारी, प्रतीक सिंह, प्रकाश सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।।

पात्र परिवारों को मिलेगी जमीन और आवास योजना का लाभ

छिंद तालाब क्षेत्र में ग्रामीणों और कब्जाधारी परिवारों से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि घास भूमि और तालाब क्षेत्र में निवासरत पात्र परिवारों का सर्वे कर उन्हें भूमि और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को इस इस नंबर में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई परिवारों के घर पहुंचकर उनकी स्थिति जानी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 32 पात्र परिवारों को लाभ दिया जाएगा।

विवादित और लंबित मामलों पर होगी व्यापक जनसुनवाई

निरीक्षण के बाद विधायक रोहित साहू ने कहा कि नगर के लंबे समय से लंबित और विवादित मामलों का समाधान अब व्यापक जनसुनवाई के माध्यम से किया जाएगा। इसमें नालंदा परिसर की भूमि आबंटन, पुराने अस्पताल भवन का नगर पालिका को हस्तांतरण, जिला अस्पताल एवं कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण तथा किसान राइस मिल की भूमि को आबादी भूमि घोषित करने जैसे विषय शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित जनसुनवाई में सांसद, विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पार्षद, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नगर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे। इसके लिए शीघ्र ही सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विकास को मिलेगी नई गति 

इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर को सुंदर, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा जनता से जुड़े वर्षों पुराने मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।