छत्तीसगढ़ में गर्मी से राहत का दौर जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है।
रायपुर – छत्तीसगढ़ में गर्मी से राहत का दौर जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में नमी बढ़ने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
राजधानी रायपुर समेत मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की जा सकती है।






