Home देश मैं स‍ही आदमी गलत पार्टी में था… राघव चड्ढा ने छोड़ी आम...

मैं स‍ही आदमी गलत पार्टी में था… राघव चड्ढा ने छोड़ी आम आदमी पाटी, 7 सांसदों के BJP में शामिल होने का दावा

70
0

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने एक साथ आम आदमी पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल होने का निर्णय लिया है. चड्ढा ने कहा कि ‘आप’ सिद्धांतों से भटक गई है और वे गलत पार्टी में थे. उन्होंने पीएम मोदी के 12 साल के साहसिक नेतृत्व और जनता के भरोसे को इस फैसले का मुख्य आधार बताया. यह घटनाक्रम दिल्ली-पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव है.

आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए एक बड़ी राजनीतिक मुसीबत खड़ी हो गई है. पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आप छोड़ने का ऐलान कर दिया है. चड्ढा के साथ ही दो अन्य सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं. तीनों ने एक साथ प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. चड्ढा ने सीधे तौर पर अपनी पुरानी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक चुकी है. राघव चड्ढा ने दावा किया कि हरभजन सिंह, स्‍वाति मालिवाल, विक्रमजीत सहानी, राजेंद्र गुप्‍ता ने भी उनके साथ आम आदमी पार्टी को छोड़ दिया है.
राघव चड्ढा ने बीजेपी के प्रति अपना विश्वास जताते हुए कहा, “मैं एक सही आदमी था जो गलत पार्टी में फंसा हुआ था. पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसे साहसिक फैसले लिए हैं, जिन्हें लेने से दूसरी पार्टियां डरती थीं. इस नेतृत्व पर देश की जनता ने एक बार नहीं, बल्कि तीन-तीन बार अपना अटूट भरोसा जताया है.”
इन तीनों सांसदों के इस्तीफे और पाला बदलने से राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की स्थिति कमजोर होगी. चड्ढा ने साफ किया कि वे मोदी सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर यह कदम उठा रहे हैं. दिल्ली और पंजाब की राजनीति में इस घटनाक्रम को एक बड़े भूकंप की तरह देखा जा रहा है, क्योंकि ये तीनों नेता अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी और पार्टी की रणनीति के अहम स्तंभ माने जाते थे.
AAP भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी पार्टी 
सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोलते हुए इसे भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी पार्टी बताया है. चड्ढा ने कहा कि जिस पार्टी की स्थापना भ्रष्टाचार मुक्त भारत के संकल्प के साथ हुई थी, आज वह भ्रष्ट और समझौतावादी लोगों के हाथों में है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में अपना करियर छोड़कर वे इस पार्टी के संस्थापक सदस्य बने थे. चड्ढा के अनुसार, कट्टर देशभक्त और देश सेवा के लिए आए लोग अब दुखी होकर एक-एक कर ‘आप’ का साथ छोड़ रहे हैं.