वॉशिंगटन – अमेरिकी सेना के एक वरिष्ठ कमांडो पर ऐसा आरोप लगा है जिसने पूरे सिस्टम को हिला दिया है. जिस ऑपरेशन में वह खुद शामिल था, उसी पर सट्टा लगाकर उसने लाखों डॉलर कमा लिए. अब उसका सट्टा लगाने ही उसे जेल के दरवाजे तक ले आया है. अमेरिकी विशेष बल के मास्टर सार्जेंट गैनन केन वैन डाइक को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने वाले सीक्रेट सैन्य ऑपरेशन से जुड़ी गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल कर सट्टेबाजी की और करीब 4 लाख डॉलर (लगभग 3.7 करोड़ रुपये) का मुनाफा कमाया.
अंदर की जानकारी से लगाया सट्टा
आरोपों के मुताबिक, वैन डाइक ने दिसंबर के आखिर में ‘पॉलीमार्केट’ नाम के प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाया. उन्होंने करीब 32,000 डॉलर इस बात पर दांव लगाए कि जनवरी तक मादुरो सत्ता से बाहर हो जाएंगे. यह दांव एक तरह से ‘लॉन्ग शॉट’ माना जा रहा था, लेकिन आरोप है कि वैन डाइक को पहले से पता था कि अमेरिकी सेना ‘के तहत कार्रवाई करने वाली है. उन्होंने 27 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच कुल 13 बार दांव लगाए. आखिरी दांव उस रात से कुछ घंटे पहले लगाया गया, जब ऑपरेशन को अंजाम दिया गया.
कैसे कमाए 4 लाख डॉलर?
वेनेजुएला में अमेरिका का ऑपरेशन जैसे ही सफल हुआ और निकोलस मादुरो को पकड़ा गया, वैन डाइक शर्त जीत गया. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, उन्होंने 4 लाख डॉलर से ज्यादा की कमाई की. इसके बाद उन्होंने इस रकम को छिपाने की भी कोशिश की. आरोप है कि उन्होंने पैसे पहले विदेशी क्रिप्टो वॉल्ट में ट्रांसफर किए और फिर एक ऑनलाइन ब्रोकरेज अकाउंट में जमा कर दिए.
क्या-क्या आरोप लगे हैं?
वैन डाइक पर कुल पांच आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, इसमें गोपनीय जानकारी की चोरी, सरकारी जानकारी का दुरुपयोग, धोखाधड़ी, वित्तीय हेरफेर जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. अमेरिकी अटॉर्नी जे क्लेटन ने साफ कहा, ‘जो लोग देश के रहस्यों की रक्षा करने के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें उसका फायदा उठाकर पैसा कमाने का हक नहीं है.’






