रायपुर – राजधानी के मोवा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मकान मालिक की लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। सेप्टिक टैंक की सफाई के बाद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, संबंधित मकान में लगभग एक सप्ताह पहले सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए गड्ढा खुदवाया गया था। सफाई का काम तो पूरा हो गया, लेकिन गड्ढे को न तो ढका गया और न ही किसी तरह की घेराबंदी की गई। उसी मकान के आसपास खेल रही बच्ची अनजाने में खुले गड्ढे में गिर गई।
जब काफी देर तक बच्ची घर के आसपास दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सेप्टिक टैंक के पास पहुंचने पर बच्ची के गिरने की आशंका हुई। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर लापरवाही का है। सेप्टिक टैंक का गड्ढा खुला छोड़ना सीधे तौर पर हादसे की वजह बना। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।






