Home छत्तीसगढ़ रायपुर से गिरफ्तार विदेशी युवतियों को भेजा गया डिटेंशन सेंटर – आईबी...

रायपुर से गिरफ्तार विदेशी युवतियों को भेजा गया डिटेंशन सेंटर – आईबी पुलिस ने 3 दिन पूछताछ की

40
0

रायपुर – राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में एक होटल से पकड़ी गई विदेशी नागरिक दो युवतियों को सुरक्षा एजेंसियों ने डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। खुफिया ब्यूरो और पुलिस अधिकारियों ने दोनों से लगातार तीन दिनों तक गहन पूछताछ की, जिसके बाद उनके दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

यह मामला 10 जनवरी का है, जब आईबी की टीम ने संदिग्ध सूचना के आधार पर तेलीबांधा स्थित एक होटल में दबिश दी। जांच के दौरान होटल में ठहरी उज्बेकिस्तान मूल की दो युवतियां मिलीं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। अधिकारियों ने तत्काल उनके पासपोर्ट और वीजा की जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि एक युवती के पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा ही नहीं था, जबकि दूसरी का वीजा करीब आठ महीने पहले समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद दोनों लंबे समय से भारत में रह रही थीं और होटल में ठहरकर नियमों का उल्लंघन कर रही थीं।

दस्तावेजों में खामियां मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीर मानते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों विदेशी युवतियों को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। फिलहाल एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और आगे की कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी।