रायपुर – पुलिस ने अंतरराज्यीय कार चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के त्रिची से जुड़े 6 आरोपियों को झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खड़ी कारों का शीशा तोड़कर बैग और कीमती सामान चोरी करने में सक्रिय था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और दिल्ली में भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं कर चुका है। गिरोह को ‘रामजी नगर गिरोह’ के नाम से भी जाना जाता है और इसके सदस्य तमिलनाडु के तिरुच्चिरापल्ली के निवासी हैं।
आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक टैब, 25 हजार रुपये नकद, दो सोने के सिक्के और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। चोरी के एक लैपटॉप को आरोपियों ने गरियाबंद में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने छह घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और अन्य राज्यों से भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मंगाई जा रही है।






