Home देश झाडू हाथ में, सामने सोना… और फिर महिला सफाईकर्मी ने लिया वो...

झाडू हाथ में, सामने सोना… और फिर महिला सफाईकर्मी ने लिया वो फैसला, चौंक गया पूरा शहर

37
0
 चेन्नई में कचरे से भरे ट्रक में जब एक प्लास्टिक बैग से 36 तोला सोना निकला, तो किसी की किस्मत चमक सकती थी लेकिन नगर निगम की सफाईकर्मी पद्मा ने सोने को जेब में रखने के बजाय पुलिस को सौंप दिया. करीब 45 लाख रुपये कीमत के गहनों को लौटाकर उन्होंने साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी जिंदा है. मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने पद्मा को सम्मानित कर 1 लाख रुपये का ईनाम दिया. यह कहानी सिर्फ सोने की नहीं, जमीर की जीत की है.
चेन्नई – आम जिंदगी में अक्सर ऐसा होता है कि सड़क पर चलते-चलते अगर हमें एक रुपया भी मिल जाए, तो हम चारों ओर देख लेते हैं कोई देख तो नहीं रहा. अगर कोई पूछ ले, क्या ये तुम्हारा है? तो हम झट से मना कर देते हैं और अगले ही पल वह सिक्का हमारी जेब में चला जाता है. लेकिन सोचिए, अगर किसी को कचरे से भरे ट्रक में अचानक 36 तोला सोना मिल जाए जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये हो तो वह क्या करेगा? चेन्नई में जो हुआ वह इसी सवाल का जवाब है और यह जवाब ऐसा है, जिसने पूरे देश को एक बार फिर ईमानदारी और इंसानियत पर भरोसा करना सिखा दिया. यह घटना तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के त्रिप्लिकेन इलाके की है. 45 वर्षीय पद्मा, जो ग्रेटर चेन्नई नगर निगम में सफाईकर्मी के तौर पर काम करती हैं, रविवार की सुबह रोज़ की तरह अपने काम पर थीं.
मुपथु अम्मन कोइल स्ट्रीट पर सड़क किनारे सफाई करते वक्त उनकी नजर एक कूड़े के ठेले में रखी प्लास्टिक की थैली पर पड़ी. आमतौर पर ऐसे बैग में सड़ा-गला कचरा, फल-सब्जी या बेकार सामान होता है लेकिन पद्मा को कुछ अलग महसूस हुआ. थैली भारी थी और अजीब तरीके से रखी गई थी. जैसे ही पद्मा ने थैली खोली, वह पल भर के लिए सन्न रह गईं. अंदर सोने का हार, झुमके और चूड़ियां थीं. असली, भारी और चमकदार. एक पल के लिए कोई भी इंसान सोच सकता है किस्मत खुल गई. इतने पैसों से जिंदगी बदल सकती है लेकिन पद्मा के दिमाग में उस वक्त एक ही बात आई. जिसने यह सोना खोया है, वह कितनी तकलीफ में होगा.