Home देश मतभेद लेकिन… कांग्रेस की नाराजगी पर पहली बार शशि थरूर ने तोड़ी...

मतभेद लेकिन… कांग्रेस की नाराजगी पर पहली बार शशि थरूर ने तोड़ी चुप्पी, बोले- पार्टी में ही करूंगा बात

37
0
नई दिल्ली – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने आखिरकार गुरुवार को पार्टी की नाराजगी पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने साफ कहा कि पार्टी के साथ उनके कुछ मुद्दों पर मतभेद हैं लेकिन वो इन्हें सार्वजनिक नहीं करेंगे. बल्कि जब पार्टी का कोई नेता खुद उनसे बात करेगा तभी वो अंदरूनी तौर पर ये चर्चा करेंगे.
गौरतलब है कि ये बयान ऐसे समय पर आया है जब केरल की नीलांबूर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है. दिलचस्प बात यह रही कि थरूर इस चुनाव प्रचार से पूरी तरह नदारद रहे जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे बड़े नेता वहां जोर शोर से प्रचार कर रही थीं.
मोदी से मुलाकात और सेना के ऑपरेशन पर तारीफ बनी वजह?
थरूर बीते दिनों उस ऑल-पार्टी डेलीगेशन का हिस्सा थे जिसने भारत के सैन्य ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद दुनियाभर में भारत का पक्ष रखा था. पीएम मोदी से मुलाकात को उन्होंने “अच्छा, जीवंत और अनौपचारिक” बताया था.
उन्होंने ये भी कहा, “जब बात देश की होती है, तो हम सभी को साथ आना होता है. देश को मेरी जरूरत हो तो मैं हमेशा तैयार हूं.” यही बात कुछ कांग्रेस नेताओं को चुभ गई. अंदरखाने से आवाजें उठने लगीं कि थरूर कहीं बीजेपी के ‘सुपर स्पोक्सपर्सन’ तो नहीं बन रहे?
‘मतभेद हैं, पर पार्टी के भीतर ही रखूंगा’- थरूर
मीडिया के सामने थरूर ने कहा, “मैंने कांग्रेस में 16 साल बिताए हैं. मतभेद हैं लेकिन मैं उन्हें मीडिया में नहीं, पार्टी के अंदर ही उठाऊंगा. आज बात करने का समय नहीं है. नीलांबूर में मेरे मित्र आर्यादन शोउकथ चुनाव लड़ रहे हैं और मैं उनकी जीत की कामना करता हूं.”
क्यों अहम है नीलांबूर का उपचुनाव?
यह सीट तब खाली हुई जब दो बार के विधायक पीवी अनवर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया जो पहले वामपंथ समर्थक थे. और अब वह निर्दलीय के रूप में मैदान में हैं. कांग्रेस ने इस सीट से आर्यादन मोहम्मद के बेटे आर्यादन शोउकथ को उम्मीदवार बनाया है जबकि सत्तारूढ़ एलडीएफ ने एम. स्वराज को मैदान में उतारा है.
थरूर ने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं ने नीलांबूर में पूरी मेहनत की है. हमारा उम्मीदवार बेहतरीन है और मैं चाहता हूं कि उनकी मेहनत रंग लाए.”
पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया?
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने टिप्पणी की है. उन्होंने कहा है कि “थरूर साहब जो भी कह रहे हैं, उस पर पार्टी हाईकमान विचार करेगा.”