Home छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग न्यूज़ – शौच के लिए गए युवक पर भालू का...

ब्रेकिंग न्यूज़ – शौच के लिए गए युवक पर भालू का हमला, वन क्षेत्र में मच गया हड़कंप

62
0

गरियाबंद – ग्राम पंचायत मुडीपानी के कमारपारा में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 48 वर्षीय धनेश कमार पिता मंगल पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। धनेश सुबह रोज़ की तरह शौच के लिए निकला था, लेकिन मलेवाडोंगर की तलहटी पर जंगली भालू के सामने पड़ गया। ग्रामीणों के अनुसार भालू ने उस पर बुरी तरह हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि हमले में धनेश के शरीर पर गहरे घाव आए हैं और वह लहूलुहान हो गया। परिजनों व ग्रामीणों ने तत्काल परसुली वन परिक्षेत्र के अधिकारियों को सूचना दी।

गांववालों ने मिलकर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू की। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव के आसपास लगातार गश्त करने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

गांव में फैली दहशत
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र के जंगलों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे लोगों की जान पर संकट मंडरा रहा है। खेतों और जंगल के किनारे बसे गांवों में महिलाएं-बच्चे भी अब अकेले बाहर निकलने से डर रहे हैं।

वन विभाग पर उठे सवाल
घटना की सूचना तुरंत परसुली वन परिक्षेत्र के अधिकारियों को दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में वन विभाग की गश्त सिर्फ कागज़ों में होती है, जबकि असल में लोग जंगली जानवरों के हमले का सामना खुद करने पर मजबूर हैं।