Home छत्तीसगढ़ सात दिन में छह हत्याएं – अब गिट्टी खदान में बोरी में...

सात दिन में छह हत्याएं – अब गिट्टी खदान में बोरी में तैरती मिली युवक की लाश

46
0

रायपुर – राजधानी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते सात दिनों में छह हत्याओं से सनसनी फैली हुई थी कि इसी बीच गुरुवार को राखी थाना क्षेत्र के ग्राम बेंद्री स्थित एक पत्थर खदान में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां पानी से भरे गड्ढे में तैरती एक बोरी से युवक का शव बरामद हुआ है।

ग्रामीणों ने जब पानी में बोरी को तैरते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी को बाहर निकालवाया। बोरी से युवक का शव मिला, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को बोरी में बंद कर खदान के पानी में फेंक दिया गया।

पुलिस आसपास के इलाकों में लापता युवकों की सूची खंगाल रही है और पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।

जिले में लगातार हो रही हत्याओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक सप्ताह में निम्नलिखित हत्याएं सामने आई हैं:

  • 16 जुलाई, बिरोदा (अभनपुर):
    भूखन ध्रुव और उनकी पत्नी रुक्मणी की धारदार हथियार से हत्या। आरोपित झोलाछाप डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। हत्या का कारण पैसे और घरेलू विवाद बताया गया।
  • 17 जुलाई, मंदिर हसौद:
    पेट्रोल पंप लूट के दौरान मैनेजर योगेश मिरी की चाकू मारकर हत्या। दो आरोपितों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या में उपयोग किए गए चाकू ऑनलाइन ऑर्डर किए गए थे। इसके बाद ई-कॉमर्स कंपनी के मैनेजर सहित छह लोगों पर कार्रवाई की गई।
  • 17 जुलाई, भनपुरी:
    मोबाइल चोरी के बंटवारे को लेकर युवक धनेश की उसके दोस्त ने हत्या कर दी। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
  • 19 जुलाई, भवानी नगर:
    मामूली विवाद में पड़ोसी भाइयों ने सुनील राव की गैंती मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।