छिंदवाड़ा में एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट। ढाबा संचालक पर गंभीर आरोप लगे हैं। युवक ने दिल दहला देने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य की तलाश जारी है।
छिंदवाड़ा – मध्यप्रदेश में एक बार फिर आदिवासी युवक से अमानवीयता का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि, दबगों ने उसे रंगमंच पर ले जाकर पेशाब पिलाई और गुटखा खाकर उसके मुंह पर थूका। उसे इतना पीटा कि चमड़ी में निशाना दिखाई दे रहे हैं।
ढाबा संचालक का पैसों को लेकर था विवाद
यह पूरा मामला अमरवाड़ा के हर्रई थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि तुइयापानी गांव के एक युवक के साथ ढाबा संचालक का पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि दबंग उनसे बदला लेने के लिए पड़ोसी जिले से गुंडे ले आया और पीड़ित राजकुमार बट्टी से बेरहमी से मारपीट की।
इस घटना को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही तहसीलदार, एडिशन एसपी सहित तीन थानों के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शरू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरमण भलावी ने इस मामले की निंदा करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
तीन के खिलाफ एफआईआर
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ढाबा संचालक राजा चौकसे को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावेन भलावी ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित आदिवासी युवक को ढाबा संचालक राजा चौकसे ने गांव के मंच पर ले जाकर पीटा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी गुंडों को बुलाकर आदिवासी युवक को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरे समाज का अपमान है।
जांच में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसपी से जब युवक के चेहरे पर थूकने और पेशाब पिलाने की बात पूछी गई तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि युवक ने जो पहली रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसमें ऐसा कुछ नहीं बताया गया है। उन्होंने कहा कि फिर भी इस बात को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी जांच की जा रही है।






