Home छत्तीसगढ़ अमेरिका में विमान सेवाओं का संचालन शुरू, कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी से...

अमेरिका में विमान सेवाओं का संचालन शुरू, कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी से रद्द थीं उड़ानें

35
0

वाशिंगटन, एएनआई- अमेरिका में कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी से ठप्प हुई उड़ान सेवा अब धीरे-धीरे शुरू होने लगी है। संघीय एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने इस गड़बड़ी को ठीक कर लिया है। बता दें कि कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी के कारण अमेरिका में सभी उड़ानें प्रभावित हुई थी और उड़ान सेवा पूरी तरह ठप्प हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, पूरे अमेरिका का यही हाल था।

अमेरिका में शुरू हुआ सामान्य संचालन

एफएए ने ट्वीट किया, ‘नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम के रात भर के आउटेज के बाद पूरे अमेरिका में सामान्य हवाई यातायात संचालन धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रहा है। ग्राउंड स्टॉप को हटा लिया गया है। हम प्रारंभिक समस्या के कारण को देख रहे हैं।’ इससे पहले एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा था कि वह अपने नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा था कि हम अंतिम सत्यापन जांच कर रहे हैं और सिस्टम को अभी पुनः लोड कर रहे हैं। उन्होंने बताया था कि नेशनल एयरस्पेस सिस्टम में संचालन प्रभावित हैं।

सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा

बता दें कि एफएफए ने कहा कि तकनीशियन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। अमेरिका में अचानक सिस्टम के फेल होने से यात्रियों पर काफी असर पड़ा है। अमेरिकी यात्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर इसको लेकर लगातार लिखा जा रहा है।

एयर ट्रैफिक ने जारी की एडवाइजरी

इसके अलावा, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर ( ATCSCC) ने भी एडवाइजरी जारी की है कि अमेरिकी NOTAM प्रणाली विफल हो गई है। उन्होंने बताया, ‘यूनाइटेड स्टेट्स NOTAM सिस्टम 2028Z में विफल हो गया। इसमें कोई नई अपडेट्स नहीं आई है।’ उन्होंने कहा कि तकनीशियन वर्तमान में सिस्टम को पुनर्स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं और इस समय सेवा को कब तक बहाल किया जाएगा, इसके बारे में सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।