रायपुर – छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी। तीनों मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाने प्रस्तावित हैं।
सीरीज को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और दर्शकों की सुविधाओं तक व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मैचों के टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।
दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश ई-टिकट के जरिए दिया जाएगा। टिकट स्कैनिंग के दौरान नेटवर्क की समस्या न आए, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।
स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा दर्शकों के लिए पर्याप्त पेयजल और खान-पान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
मैचों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है।
कमेटी में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, NRDA और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मैचों के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी, जबकि VIP मूवमेंट और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट भी तैयार रखे जाएंगे। मैच के दौरान बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
सीरीज से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। वहीं जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंच सकती है। भारतीय टीम को मुकाबलों से पहले करीब चार दिन अभ्यास का अवसर मिलेगा।
भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज भारतीय टीम के लिए भी खास रहने वाली है। स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं।
भारतीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली बाइलेटरल सीरीज में वनडे और T20 मुकाबले शामिल हैं। रायपुर में तीन T20 मैच खेले जाएंगे, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का रोमांच करीब से देखने का मौका मिलेगा।
भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज का शेड्यूल:
- पहला T20: 16 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- दूसरा T20: 18 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- तीसरा T20: 20 अक्टूबर, शाम 7 बजे
- स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर
- टिकट बिक्री: 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना




